Bihar पंचायत चुनाव के 5वें चरण की मतगणना जारी, केंद्रों के बाहर उमड़ी समर्थकों की भीड़

बिहार पंचायत चुनाव के पांचवें चरण की मतगणना 8 बजे से शुरू हो गई है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम हैं। सुबह 7 बजे सेंटर के बाहर प्रत्याशी और समर्थकों की भीड़ लगने लगी। जिनके पास चुनाव आयोग से प्राप्त पास है, उन्हें ही केंद्र के अंदर एंट्री दी जा रही है।

मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में सुबह छह बजे से ही प्रत्याशी और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इससे ट्रैफिक समस्या उत्पन्न हो गई। पुलिस जवानों के समझाने के बावजूद भीड़ नहीं हटी। इसके बाद जवानों ने डंडा भांजकर भीड़ को खदेड़ दिया। तब जाकर ट्रैफिक सुचारू हुआ।




आज 38 जिलों के 58 प्रखंडों में मतगणना जारी है। मुखिया और सरपंच के 845 पद, जिला परिषद सदस्य के 124 पद, पंचायत समिति सदस्य के 1171, ग्राम पंचायत सदस्य और ग्राम कचहरी पंच के 11553 पद का रिजल्ट जारी होगा। वहीं, बक्सर के केसठ प्रखंड की रामपुर पंचायत से निवर्तमान मुखिया अनामिका पांडेय ने जीत हासिल कर ली है।

भोजपुर की ठकुरी पंचायत से मोनिका देवी मुखिया बन गई हैं। वहीं, बिहियां प्रखंड में मतगणना बाधित। बिहियां BDO द्वारा कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करने के बाद वेंडरों और कर्मचारियों में आक्रोश। मौके पर वरीय अधिकारी पहुंचे।


मतगणना अपडेट्स
– बक्सर में दो प्रखंडों की 16 पंचायतों में मतगणना चल रही है। इसमें सबसे पहले केसठ प्रखंड की 3 पंचायतों की मतगणना शुरू की गई है। उसके बाद दोपहर 12 बजे से नावानगर प्रखंड के 16 पंचायतों की बारी-बारी से मतगणना शुरू की जाएगी। केसठ प्रखंड की रामपुर पंचायत से निवर्तमान मुखिया अनामिका पांडेय ने जीत हासिल कर ली है।
– नालंदा के एकंगरसराय प्रखंड एवं बेन प्रखंड के नतीजे आने वाले हैं। एकंगरसराय में 16 पंचायत तो वहीं बेन प्रखंड के 9 पंचायत में आज गांव की सरकार बनने जा रही है।
– वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड में 24 पंचायतों की मतगणना का कार्य शुरू हो गया है। मतगणना का कार्य हाजीपुर महिला औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र पर हो रहा है।
– रोहतास जिले के सासाराम बाजार समिति में अकोढ़ी गोला और बिक्रमगंज प्रखंड का मतगणना हुआ प्रारंभ।


– पूर्वी चंपारण के मतगणना केंद्र डायट(मोतिहारी) में मतगणना कर्मियों का आने का सिलसिला शुरू। मतगणना केंद्र के बाहर आज रहेगी भारी पुलिस बल की तैनाती। आज होगा 5339 प्रत्याशियो के भाग्य का फैसला। बलुआ जुल्फेकाराबाद पंचायत से मुखिया में अभिषेक राम जीते। सरैया गोपाल पंचायत से मुखिया के पद पर सुरेश प्रसाद सिंह जीते। पताही पूर्वी पंचायत से मुखिया पद पर कृष्ण मोहन सिंह जीते। जुल्फेकाराबाद पंचायत से पंचायत समिति पद पर सुनिता देवी पति ओमप्रकाश कुमार चुनाव जीत गई हैं।
– भोजपुर के चरपोखरी और बिहियां प्रखंड में मतगणना शुरू। ​​​​​ठकुरी पंचायत (चरपोखरी) में मोनिका देवी 520 वोट से जीती। बिहियां प्रखंड में BDO ने मतदानकर्मी से किया दुर्व्यव्हार। मतगणना बाधित। रानीसागर पंचायत (बिहियां) की सदरुन निशा 772 वोट से जीत गईं।
– सीतामढ़ी में 5वें चरण का मतगणना जारी है। इस दौरान प्रत्याशियों का रुझान आना शुरू हो गया है। बाजपट्टी प्रखंड की बर्री फुलवरिया पंचायत से मुखिया पद के उम्मीदवार राकेश कुमार और बाजपट्टी प्रखंड की बलहा मकसूदन पंचायत से मुखिया पद की उम्मीदवार उषा देवी विजयी हुई।



– नवादा के पकरीबरावां प्रखंड के मतों की गिनती चल रही है। कोनंदपुर पंचायत का परिणाम घोषित कर दिया गया। इस पंचायत में रंजीत कुमार सिन्हा 1333 मत लाकर विजयी हुए।
– सहरसा के सौरबाजार प्रखंड में मतगणना जारी। मतदान के दौरान हो गया था विवाद। खजुरी पंचायत से रणजीत कुमार मुखिया बने।
– कैमूर के मोहनिया प्रखंड की बमहौर खास पंचायत से BDC प्रत्याशी सोनी देवी चुनाव जीती।
– खगड़िया की इतमादी पंचायत में नंदन सिंह ने 941 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कैलाश पंडित को हरा कर जीत हासिल कर लिया।


बता दें कि 5वें चरण का मतदान रविवार को संपन्न हुआ था। 38 जिलों के 58 प्रखंडों में मतदाताओं ने वोट डाले। इस चरण के तहत मुखिया और सरपंच पद की 845 सीटों और जिला परिषद सदस्य की 124 सीटों के लिए वोट डाले गए। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 60.79% वोटिंग हुई। महिलाओं ने 59.54% और पुरुषों ने 62.04% मतदान किया।


वहीं, सबसे अधिक पूर्वी चंपारण में 82% मतदान हुआ था। सबसे कम मुंगेर में 49.07% वोटिंग हुई थी। चुनाव को बाधित करने के मामले में 276 लोग गिरफ्तार और 48 वाहन जब्त भी किए गए। आयोग के अनुसार, चार जगहों पर बूथ कैप्चरिंग के मामले जबकि दो जगहों पर बोगस वोटिंग के भी मामले सामने आए थे।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *