मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में कोचिंग क्लास में पढ़ रही 12वीं की छात्रा को कमर में गोली लगी है। घायल छात्रा का कहना है कि अंग्रेजी की क्लास चल रही थी। उस वक्त क्लास में 15 बच्चे पढ़ रहे थे। घायल छात्रा ने बताया, ‘उसे पता नहीं चल पाया कि गोली कहां से चली है, लेकिन मेरे पीछे लड़के बैठे हुए थे।’
फायरिंग के बाद कोचिंग में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तुरंत पुलिस और परिजनों को जानकारी दी गई। उसके बाद कोचिंग संचालक की ओर से घायल छात्रा को बैरिया स्थित निजी अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। डॉक्टर के अनुसार उसकी स्थिति अभी सामान्य है। घटना सकरा थाना क्षेत्र के रामपुर कृष्ण पंचायत का है।
कोचिंग के संचालक मुकेश कुमार ने बताया कि ‘क्लास में पढ़ाई शुरू थी।12 वीं क्लास की अंग्रेजी की पढ़ाई हो रही थी। इस दौरान गोली चलने की आवाज आई। इसकी जानकारी नहीं हुई आवाज किधर से आई।
तभी एक बच्ची बोली मेरे शरीर से खून निकल रहा है। जिसके बाद बच्ची के परिजन को सूचना दी गई। परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की स्थिति ठीक बताई जा रही है।
बच्ची को एक गोली लगी हुई है। इसी में कोई एक बच्चे ने गोली चलाई या गोली खुद चल गई । इसकी कोई जानकारी नहीं हैं।अभी तक किसी बच्चों से पूछताछ नहीं की गई है। क्लास सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। जिसके आधे घंटे के बाद फायरिंग हुई।’
वहीं सकरा थाना प्रभारी राजू कुमार पाल ने बताया कि ‘क्लास रूम में एक बच्ची को गोली लगने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर FSL की टीम भी बुलाई गई है। घटना में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।’