मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार ट्रक को टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत, ड्यूटी से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

मुजफ्फरपुर के तुर्की में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड जवान की मौत हो गयी। वे कुढ़नी के रहने वाले थे। मृतक की पहचान अजय शाही (52) के रूप में हुई है। वे वर्तमान में उत्पाद विभाग में प्रतिनियुक्त थे। शुक्रवार को ड्यूटी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तुर्की फ्लाईओवर के समीप एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।




वे बाइक से फेंकाकर सड़क पर गिर गए और गम्भीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां से गम्भीर हालत देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। लेकिन, इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।


होमगार्ड कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि
जवान की मौत होने के बाद शव को शहर के कंपनीबाग स्थित होमगार्ड कार्यालय लाया गया। यहां पर कमाडेंट गौतम कुमार, एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, उपाध्यक्ष मनोज चौधरी समेत अन्य अधिकारी व जवान मौजूद थे। मृत जवान को श्रद्धांजलि दी गई। शव पर माला रखकर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान सभी की आंखे नम हो गई। कमांडेंट ने कहा कि अजय एक कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। जहां भी उनकी ड्यूटी लगी। पूरी शिद्दत के साथ उन्होंने अपना शत प्रतिशत दिया। हमने आज एक बेहतरीन सिपाही खो दिया है।


परमानेंट नौकरी की मांग
जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी जवान की मौत होने पर अनुकंपा के आधार पर एक व्यक्ति को नौकरी मिलती है। उस नौकरी को परमानेंट किया जाए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले। गृहरक्षकों को रहने की सही सुविधा मुहैया कराई जाए। अभी सात हजार रुपए कल्याण कोष से अंतिम संस्कार के लिए मिला है। एसोसिएशन मांग करता है कि जवान अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनलोगों की बेहतर देखभाल की जाए।


…और उठ गया सिर से पिता का साया
मृत जवान के बेटे सुमन ने बताया की पिता अक्सर ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर आते थे। परिवार के साथ कुछ घन्टे बिताते और फिर वापस ड्यूटी पर चले जाते थे। हम दो भाई हैं। अभी पढाई कर रहे हैं। पापा का सपना था कि हमदोनों भाई सरकारी अफसर बने। बड़ी पोस्ट हो। ताकि वे शान से सिर उठाकर समाज मे चलें और कह सकें की हम उनदोनों के पिता हैं। हमलोग भी पापा के सपने को साकार करने में दिलोजान से जुटे हुए थे। लेकिन, इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन का रो-रोकर हाल बेहाल है।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *