मुजफ्फरपुर में Raid करने गई पुलिस टीम पर पत्थरबाजी, कई पुलिसकर्मी हुए घायल, लाठीचार्ज कर पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा

मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मद थाना क्षेत्र के पोखरिया पीर में शराब और ताड़ी के अड्डे पर छापेमारी करने गई पुलिस पर रविवार रात उपद्रवियों ने हमला कर दिया। ईंट और पत्थर से पथराव करने लगे। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। उपद्रवियों ने पुलिस को खदेड़ दिया।




स्थिति अनियंत्रित होने की सूचना पर चार थानों की पुलिस और QRT जवान मौके पर पहुंचे। काफी संख्या में फोर्स देखते ही सभी लोग भागने लगे। इस दौरान भी कुछ उपद्रवी छत से ईंट-पत्थर फेंक रहे थे। इसमें करीब छह पुलिसकर्मी आंशिक रूप से चोटिल हो गए हैं। पुलिस जवानों ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया। इसके बाद पथराव शांत हुआ। हालांकि, इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मामला शांत होने के बाद पुलिस फोर्स वहां से लौट गई।


क्या बोले एसएचओ
थानेदार सत्येंद्र सिन्हा ने बताया कि शराब और ताड़ी के अड्डे पर रेड हुई थी। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने रोड़ेबाजी कर दी। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कानूनी कार्रवाई में बाधा डालने और कानून हाथ मे लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी को चिन्हित कर FIR दर्ज करने की जा रही है।


पुलिस जीप से कूदकर भाग निकला
रविवार देर शाम काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस ने पोखरिया पीर में शराब व ताड़ी के अड्डे पर रेड किया था। वहां से एक युवक को हिरासत में लिया। चर्चा है कि वह नशे में था। युवक ने पुलिस का विरोध करना शुरू कर दिया। जमकर विवाद करने लगा। इस पर उसे पकड़कर पुलिस जीप में बैठाया गया। तभी सैंकड़ों की संख्या में लोग लाठी-डंडा लेकर सामने से आ गए। पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। भीड़ देखते ही पकड़ा गया युवक पुलिस जीप से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने जब लोगों को पीछे हटने को कहा तो रोड़ेबाजी कर दी। यह देखकर पुलिस को पीछे हटना पड़ा।


पुलिस पर मारपीट और लूटपाट का आरोप
पुलिस पिटाई से जख्मी अभिषेक ने बताया कि वह अपने घर पर था। तभी अचानक से पुलिस घुस गई। बेवजह इतना डंडा मारा की सिर फट गया। उसे काफी खून भी निकल रहा था। उसने कहा कि एक महिला और बुजुर्ग का हाथ भी टूट गया है। वहीं, सीता देवी ने कहा कि हमलोग रेंटर हैं। अचानक से पुलिस घर मे घुसकर पीटने लगी। बेटी की शादी के लिए 50 हजार रुपए और जेवरात रखे थे। वो भी लूट लिए। जमकर पिटाई भी की।


करीब ढाई घंटे तक चला विवाद
काफी संख्या में पहुंची पुलिस फोर्स ने भीड़ को खदेड़ने के साथ सभी संदिग्ध घरों में घुसकर तलाशी लेना शुरू किया। यह देख कोई पीछे के रास्ते से तो कोई छत से कूदकर भाग निकला। कुछ तो एक बाइक पर चार-चार लोग सवार होकर भागे। पुलिस कार्रवाई से अचानक दुकानों के शटर गिरने लगे। अफरातफरी का माहौल बन गया। करीब ढाई घंटे तक पूरा इलाके रणक्षेत्र बना रहा। सड़कों पर सिर्फ ईंट और पत्थर बिछे हुए दिख रहे थे। आसपास के लोग अपने घरों के खिड़की और दरवाजे बंद कर दुबके रहे।


अक्सर होती है छापेमारी
पुलिस के अनुसार पोखरिया पीर इलाके में चोरी छिपे ताड़ी का अड्डा चलता है। यहां महीने में दो से चार बार पुलिस की रेड पड़ती है। गिरफ्तारी भी होती है। बावजूद इसके धंधा बन्द नहीं होता है। रविवार को भी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ताड़ी और शराब की बिक्री की जा रही है। इसी सूचना के आलोक में पुलिस ने वहां पर रेड किया था। हालांकि, कोई बरामदगी या गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *