मुजफ्फरपुर शहर का बजट: 100 करोड़ कच्ची गली-नाली और 66 करोड़ हर घर नल जल पर होगा खर्च

इस बार नगर निगम तकरीबन 85.54 करोड़ फायदे का बजट पेश करेगा। शहर को जलजमाव से निजात दिलाने के लिए पहली बार बजट में ड्रेन स्क्रीनिंग सिस्टम व पंप हाउस निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है। इस पर करीब आठ करोड़ खर्च होंगे। शहर को कूड़ा-कचरा से निजात दिलाने के लिए प्रोसेसिंग प्लांट का भी निर्माण होगा। कच्ची गली नली के पक्कीकरण व शहर में पाइपलाइन का विस्तार भी इस बजट में जोड़ा गया है।

नगर निगम का बजट तैयार करने के बाद बुधवार को सभी वार्ड पार्षदों को बजट की कॉपी मुहैया कराई गई। 9 अप्रैल को आचार संहिता समाप्त होने के ठीक बाद नगर निगम का बजट पेश किया जाएगा। नगर निगम का बजट सत्र बुलाने के लिए बुधवार को नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने मेयर को पत्र लिखा। 11 अप्रैल को बजट पेश किए जाने की संभावना है।

जल जीवन हरियाली योजना का प्रावधान किया
वर्ष 2022-23 के बजट में पर्यावरण संरक्षित रखने के लिए जल जीवन हरियाली योजना का प्रावधान किया गया है। हर घर नल जल योजना अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार का प्रबंध भी बजट में है। प्रस्तावित बजट में पहले से शेष राशि एक अरब 16 लाख 89 हजार है। इस साल अनुमानित आय 3 अरब 53 करोड़ 82 लाख रुपए है। प्रारंभिक राशि व अनुमानित आय को जोड़ने पर 4 अरब 70 लाख आय की संभावना है। जबकि, तीन अरब 85 करोड़ खर्च होने की संभावना है।

होल्डिंग टैक्स में वृद्धि का नहीं है प्रस्ताव
होल्डिंग टैक्स में वृद्धि का कोई प्रस्ताव इस बार नहीं दिया गया है। नगर निगम द्वारा वर्ष विश्व 2014-15 में संपत्ति कर की दर में वृद्धि की गई थी। नए वित्तीय वर्ष में होल्डिंग टैक्स में वृद्धि का प्रस्ताव नहीं दिया गया है। होल्डिंग टैक्स से नए वित्तीय वर्ष में 20 करोड़ 60 लाख आमदनी होने की संभावना है। ट्रेड लाइसेंस का प्रावधान वर्ष 2014-15 में बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा के तहत किया गया।

नए वित्तीय वर्ष में ट्रेड लाइसेंस से एक करोड़ 20 लाख रुपए आमदनी का लक्ष्य रखा है। इसके अतिरिक्त नगर निगम को विद्युत उपभोग पर भी टैक्स मिलने की संभावना है। बिहार नगर पालिका अधिनियम के तहत विद्युत उपभोग पर 2.5℅ उपभोक्ता अधिकार शुल्क अथवा दंड लगाने का प्रावधान है।

निगम बजट में जानिए किस योजना पर कितना होगा खर्च
6 करोड़ रुपए सफाई उपकरणों की खरीदारी पर खर्च
3 करोड़ रुपए से शहर में 16 जगहों पर बनेगा वेंडिंग जोन
5.50 करोड़ सामुदायिक शौचालय व यूरिनल बनाने पर खर्च
5 करोड़ रुपए जल जीवन हरियाली योजना के तहत सोख्ता निर्माण व कुओं के जीर्णोद्धार पर खर्च
2 करोड़ रुपए आकस्मिक दुर्घटना एवं संबंधित अन्य मद के लिए रिजर्व
66 करोड़ रुपए हर घर नल जल योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन का विस्तार
100 करोड़ रुपए कच्ची गली नाली योजना के तहत गली व नाली के पक्कीकरण पर
10 करोड़ कचरा प्रोसेसिंग पर। इसमें 8 करोड़ प्रोसेसिंग इकाई प्लांट व 2 करोड़ रुपए अन्य प्लांट व मशीनरी के लिए।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *