मुजफ्फरपुर-दरभंगा NH-57 पर पैसेंजर बनकर ऑटो सवार यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को भीड़ ने दबोच लिया। दोनों की जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला गायघाट का है। बोचहां की नगीना देवी गायघाट में आने एक रिश्तेदार के घर शादी में जा रही थी। तभी चार युवक ऑटो में पैसेंजर बनकर सवार हो गए। कुछ दूर आगे जाने के बाद ऑटो रुकवाया। फिर महिला से मारपीट कर बैग छीनकर भागने लगे। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। भाग रहे बदमाशों में से दो को दबोच लिया। जमकर धुनाई कर दी। वहीं दो बदमाश मौके से भाग निकले।
थानेदार नरेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ में शातिरों की पहचान विनोद और सुनील के रूप में हुई है। दोनों बोचहां इलाके के रहने वाले हैं। अपने फरार साथियों का नाम भी बताया है। जिनकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
पीड़िता ने बताया कि बैग में 20 हजार रुपये कैश और कपड़े थे। कुछ जेवरात भी रखा था। हालांकि स्थानीय लोगों के सहयोग से सामान लूटने से बच गया। घटना को लेकर महिला ने गायघाट थाना में आवेदन दिया है। थानेदार ने बताया कि दोनों को जेल भेजा जा रहा है।