बिहार में ‘असानी तूफान’ का दिखने लगा असर, तेज हवा के साथ होगी बारिश; जानिए आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम ?

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय असानी तूफान का असर दिखना शुरू हो गया है। बिहार पर भी इसका प्रभाव दिखाई देने लगा है। कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। तूफान की जिसकी वजह से 12 मई को पूर्वी-पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, बांका, किशनगंज, भागलपुर सहित 15 जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान 13 से 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक आशीष कुमार सिंह के मुताबिक तूफान का प्रभाव ओडिशा, आंध्र प्रदेश के साथ ही झारखंड के कुछ हिस्से में रहेगा। जिससे आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होगी। लेकिन, बिहार में इसका प्रभाव 12 मई को आंशिक रूप से दिखाई देगा। हालांकि कई जगहों पर इसका असर दिखना शुरू भी हो गया है। बिहार के उत्तरी हिस्से में बारिश का सिस्टम सक्रिय है। जिसकी वजह से लगातार बारिश हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार असानी तूफान भारत के तटवर्ती क्षेत्रों की तरफ 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। 24 घंटे के दौरान तूफान की सक्रियता में तेजी आएगी। जिससे 10 मई को ओडिशा, आंध्र, पश्चिम बंगाल में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। फिलहाल बिहार में पिछले 10 दिनों से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवा का प्रभाव सतह से 1.5 किमी ऊपरी हिस्से तक है।

8 से 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं बह रही हैं। इस सिस्टम की वजह से 24 घंटे के दौरान पूर्वी-पश्चिम चंपारण, सुपौल, अररिया, सीतामढ़ी, मधुबनी, किशनगंज, शिवहर में 2 से 19 एमएम तक बारिश होगी।

पटना में 24 घंटे के दौरान दिन का तापमान स्थिर रहा है। इस दौरान 7 से 13 किमी प्रति घंटा से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी की तरफ से हवाएं चल रही थी। रात में पारा सामान्य से एक डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक पटना में 10 मई तक मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। 11 और 12 मई को हल्की बारिश, वज्रपात होने की आशंका है। पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 37.4 और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *