PM मोदी और राष्ट्रपति के लिए लीची लेकर वैन रवाना, कई दशकों की परंपरा रहेगी बरकरार

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता।

राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री एक बार फिर मुजफ्फरपुर की शाही लीची को चखेंगे। पिछले कई दशकों से चली आ रही परंपरा को इस बार भी बरकरार रखा गया है। पताही स्थित प्रोसेसिंग यूनिट से शुक्रवार रात 10 बजे लीची वैन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया है।

रेफ्रिजरेटर वैन से 1250 पैकेट लीची भेजी गई है। एक पैकेट में दो किलो शाही लीची है।

इससे पूर्व यूनिट में लीची की प्रोसेसिंग की गई है। वैन से दिल्ली स्थित बिहार भवन में लीची को पहुंचाया जाएगा। इसके बाद वहां से अधिकारी राष्ट्रपति और पीएम आवास पर लीची लेकर जाएंगे। सहायक निदेशक उद्यान शंभू प्रसाद और उप निदेशक परियोजना आत्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। उप परियोजना निदेशक विनोद कुमार इस बार भी लीची वैन लेकर दिल्ली गए हैं। उन्होंने बताया कि दो डिग्री तापमान पर लीची को ले जाया जा रहा है। इससे लीची खराब नहीं होगी। संभावना है कि शनिवार शाम तक लीची वैन दिल्ली पहुंच जाएगी। बिहार भवन से लीची के पैकेट को अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति और पीएम आवास भेजा जाएगा। मौके पर आलोक केडिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *