मुजफ्फरपुर के 10 वार्डों में चार सौ मकान कर रहे थे प्रॉपर्टी टैक्स की चोरी, सर्वे में चौंकाने वाले खुलासे

मुजफ्फरपुर, मुख्य संवाददाता।

शहर के वार्डों में प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर जारी सर्वे में चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। वार्ड एक से 10 तक करीब चार सौ आवास मालिकों की टैक्स चोरी पकड़ी गई है।

टैक्स दारोगा के नेतृत्व में सर्वे में लगी टीम ने अपनी रिपोर्ट दे दी है। इसके बाद मकान मालिकों को नोटिस देकर जुर्माना वसूलने की तैयारी शुरू हो गई है।

निगम क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स चोरी पर सख्ती शुरू हो गई है। सभी 49 वार्ड के लिए जांच टीम गठित की गई है। जांच टीम मकान की मापी व सर्वे कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। शुरुआत में एक से वार्ड 10 तक की जांच रिपोर्ट आयी है जिसमें अबतक 411 मकान कार्रवाई के घेरे में आए हैं। इन मकानों की मापी के बाद पता चला है कि वर्षों से इन मकान के मालिक प्रॉपर्टी टैक्स में चोरी कर रहे थे। टैक्स दारोगा ने अपनी रिपोर्ट निगम कार्यालय में जमा कर दी है।

निगम प्रशासन ने कहा है कि जून के पहले सप्ताह तक सभी 49 वार्डों की जांच पूरी कर रिपोर्ट दें ताकि टैक्स चोरी करने वाले मकान मालिकों से जुर्माने के साथ टैक्स की वसूली की जा सके। इधर, शुरुआत के 10 वार्ड में कार्रवाई के बाद टैक्स चोरी कर रहे लोगों ने निगम कार्यालय से संपर्क करना शुरू कर दिया है। निगम का सर्वे सभी वार्ड में चल रहा है, जिसे एक सप्ताह में पूरा कर लेना है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *