मुजफ्फरपुर, मुख्य संवाददाता।
ट्रेड लाइसेंस को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को कार्रवाई कर कुल 11 दुकानों को सील कर दिया। बैरिया में पांच फर्नीचर व हार्डवेयर दुकान, जूरन छपरा में तीन दवा दुकान और हरिसभा चौक से छोटी कल्याणी के बीच तीन रेडीमेड कपड़ा दुकानों को सील किया गया।
कार्रवाई उप नगर आयुक्त ओसामा इब्न मंसूर के नेतृत्व में की गई।
शहर के अलग-अलग तीन इलाके में निगम की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान टीम को जूरन छपरा में विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। दुकानदारों ने टीम को घेरने का प्रयास किया। निगम के अधिकारियों की गाड़ी के सामने ही बाइक व स्कूटी लगाकर दुकान नहीं सील करने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान उप नगर आयुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्वेच्छा से ट्रेड लाइसेंस लेने वालों से आवेदन के अनुसार शुल्क ही वसूली हो रही है। जिनपर कार्रवाई की नौबत आ रही है, उनसे बिजली कनेक्शन की तिथि से शुल्क की वसूली होगी।
