मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता।
जल संसाधन विभाग ने मरम्मत के लिए बूढ़ी गंडक नदी के स्लुइस गेट को गुरुवार की शाम से बंद कर दिया। इससे सिकंदरपुर में मुख्य आउटलेट नाला का बहाव बंद हो गया।
सड़क पर नाला का पानी बहने लगा। मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया। 100 से अधिक घर की नालियों से पानी नहीं निकल रही है।
शाम में सड़क पर अचानक नाला बहने के बाद लोग बांध पर पहुंचे। वहां देखा कि स्लुइस गेट बंद कर दिया गया है। इसकी मरम्मत में एक से दो दिन लग सकते हैं। स्थानीय वार्ड पार्षद रत्न शर्मा ने बताया कि नगर निगम प्रशासन ने स्लुइस गेट बंद होने पर पानी निकासी के लिए पंप की व्यवस्था नहीं की है जबकि जल संसाधन विभाग फाटक बंद करने से पहले ही सभी जगहों पर लिखित सूचना देता है। दो दिन फाटक बंद रहा तो सिकंदरपुर में घर-घर की परेशानी बढ़ेगी।