मुजफ्फरपुर के मोतीझील में दिनदहाड़े कपड़ा शोरूम स्टाफ से 17 लाख रूपए लूट का प्रयास, विफल होने पर फायरिंग कर भाग निकले अपराधी

मुजफ्फरपुर शहर के टाउन थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर मोतीझील बीबी कॉलेजिएट गली में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश की। बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर सागर रेडीमेड शोरूम के स्टाफ रमेश कुमार से 17 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया। लेकिन रमेश और उसके साथी कर्मी आमोद अपराधियों से भिड़ गए। लगभग 45 सेकंड तक दोनों ने अपराधियों से भिड़कर कैश से भरा बैग लूटने से बचा लिया। लूट में असफल होने पर अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दिया और वहां से भाग निकले। फायरिंग होते ही अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। दो बाइक पर सवार चार अपराधी भी हथियार लहराते हुए जवाहरलाल रोड की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलने पर टाउन DSP रामनरेश पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। स्टाफ से पूछताछ की गई। उसने सिलसिलेवार तरीके से पूरी घटना से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने एक मॉल के इंट्रेस पर लगे CCTV को खंगाला। जिसमे दो अपराधी अपाचे बाइक से भागते हुए दिखे। लेकिन, चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका। सबका चेहरा गमछा से ढका हुआ था।

तीन दिन का था कलेक्शन

सागर रेडीमेड शोरूम के स्टाफ रमेश ने बताया कि 3 दिनों का कलेक्शन जमा करने पंकज मार्केट स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में जा रहे थे। शोरूम से आगे बढ़कर जैसे ही बीबी कॉलेजिएट गली में पहुंचे। अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। कनपटी पर पिस्टल तान दिया। हाथ से रुपये वाला बैग छिनने का प्रयास करने लगे। लेकिन, उसने अपराधी को धक्का दे दिया। इससे उसका संतुलन बिगड़ा और वह गिर गया। रमेश और आमोद उससे और उसके अन्य साथियों से भिड़ गए। जमकर उठापटक होने लगी। इस बीच आसपास के लोग जुटने लगे। यह देखकर एक लूटेरे ने हवाई फायरिंग की। इसके बाद सभी पिस्टल लहराते हुए भाग निकले।

पुलिस के सामने से भागे दो युवक

टाउन DSP समेत अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर छानबीन में जुटे थे। इसी दौरान हाई स्पीड बाइक से दो युवक बिना हेलमेट के उधर से जा रहे थे। जिसे देखकर जवान ने रोकने का प्रयास किया। उसे हाथ देकर रुकने को कहा। लेकिन, बाइक सवार युवक रुके नहीं। बल्कि बाइक की स्पीड बढाकर सामने से निकल गए और पुलिसकर्मी मुंह ताकते रह गए। इसका वीडियो भी कैमरे में कैद हो गया। इससे स्पष्ट होता है कि मुजफ्फरपुर की पुलिस कितनी सतर्क और सक्रिय है।

सेफ जोन बनता जा रहा गली

टाउन थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुए इस घटना से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगा है। बीबी कॉलेजिएट की ये गली अब अपराधियों के लिए सेफ जोन बनती जा रही है। इससे पूर्व भी इसी गली में मोबाइल दुकानदार अभिषेक की लूट के दौरान गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद पान मसाला कारोबारी का मुख्य आरोपी भी इसी बीबी कॉलेजिएट गली में दोबारा घटना को अंजाम देने की नीयत से पहुंचा था। जहां पुलिस के साथ उसका एनकाउंटर हुआ था।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *