मुजफ्फरपुर पुलिस ने हथियार के साथ अंतर जिला गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि तीनों किसी व्यवसायिक प्रतिष्ठान (बड़े दुकान) को लूटने की फिराक में थे। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार लर पुलिस ने कार्रवाई की। मामले में बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एसएसपी जयंतकांत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।
इसमें उन्होंने जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों में बेतिया के कालीबाग थाना के जमादार टोला निवासी पुनीत कुमार, मनुवापुल थाना के गुरौलिया भरवा टोला निवासी ब्रजेश साह व समस्तीपुर के ताजपुर थाना दरगाह रोड निवासी साजिद उर्फ बबलू खान शामिल हैं।
उन्होंने प्रेस वार्ता कर बताया कि मंगलवार को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतर जिला गिरोह के कुछ अपराधकर्मी मोतीपुर थाना क्षेत्र इलाके में किसी व्यवसायिक प्रतिष्ठान में बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने के फिराक में है। जिसके बाद डीएसपी पश्चिमी अभिषेख आनंद के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसके बाद सूचना के आधार पर मोतीपुर इलाके में छापेमारी की गई। इस दौरान मिश्रौलिया पुल के समीप तीन अपराधियों को पकड़ा गया। इनके पास से एक 9 एमएम का पिस्टल, दो कट्टा व चार कारतूस बरामद किया गया है। सभी से पूछताछ की गई है। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

