मुजफ्फरपुर पुलिस को गांजा तस्करों के खिलाफ एक अहम सफलता हासिल हुई है। दरअसल, टाउन DSP रामनरेश पासवान को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुबनी से दो बाइक सवार चार युवक गांजा का खेप लेकर पटना में सप्लाई करने जा रहे हैं। उन्होंने अहियापुर थानेदार विजय कुमार सिंह के साथ अहियापुर चौक पर घेराबंदी की। जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान दो बाइक से चार युवक आते हुए दिखे। जो पुलिस को देखते ही बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन, पुलिस जवानों ने खदेड़कर चारों को दबोच लिया। इनकी तलाशी ली गयी। इनके पास से 2KG 25 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पूछने पर बताया कि राजधानी पटना में सप्लाई करने जा रहा था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गयी है। आरोपियों की पहचान मधुबनी जिला के बेनीपट्टी थाना के देवपुरा के अंशु कुमार झा, विक्रम कुमार, निखिल भारद्वाज और भट्टिसेर से जयंत कुमार के रूप में हुई है। अंशु वर्तमान में किराए पर पटना में ही रहता है। आरोपियों की दो बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस के बयान पर FIR दर्ज कर जेल भेजने की कवायद की जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय तस्कर से जुड़ रहा तार पुलिस जांच में इन तस्करों का तार अंतरराष्ट्रीय तस्करों से जुड़ रहा है। प्रारम्भिक जांच में नेपाल से गांजा मंगवाने की बात सामने आयी है। इस बिंदु पर तस्करों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा मोबाइल नम्बर भी खंगाला गया है। इससे पटना के संदिग्ध लोगों के नम्बर के साथ और भी कई नम्बर मिले हैं। इन सभी का डिटेल खंगाला जा रहा है।

