मुजफ्फरपुर में फिर पुलिस टीम पर हमला, 6 पुलिसकर्मी जख्मी और वाहन क्षतिग्रस्त , गांजा तस्कर को पकड़ने गई थी टीम

मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के सिउरी गोपिनाथपुर गांव में देर शाम गांजा धंधेबाज़ को पकड़ने गई पुलिस पर उपद्रवियों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। पकड़े गए आरोपी धंधेबाज़ को भी छुड़ाकर फरार हो गए। उपद्रवियों में जमकर पथराव कर दिया। इससे पुलिस टीम को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना में छापेमारी दल का नेतृत्व कर रहे ALTF प्रभारी SI राकेश कुमार शर्मा, अजीजपुर नाका प्रभारी नवल किशोर मालाकार व 3 गृहरक्षक आंशिक रूप से जख्मी हो गए। पुलिस वाहन का शीशा भी चकनाचूर हो गया। पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई। पुलिस ने डंडे भांजकर उपद्रवियों को खदेड़ कर भगाया। मौके से तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपी फरार हो गए। जख्मी पुलिसकर्मियों के CHC में इलाज कराया गया।

गांजा स्टॉक की सूचना पर गयी थी पुलिस

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिल और नवल ने गांजा स्टॉक कर रखा है। इसे सप्लाई करने वाले थे। इसी सूचना के आलोक में पुलिस टीम वहां छापेमारी करने गयी। छापेमारी के क्रम में अनिल को 7 पुड़िया गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नवल सहनी उर्फ लंगड़ा के घर पर छापेमारी की। वहां से करीब 2 किलो गांजा के साथ नवल को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन नवल के पकड़े जाने की खबर मिलते हीं परिजन व आसपास के लोग उग्र होते हुए छुड़ाने के लिए ईंट पत्थर से पुलिस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस को पीछे हटने पड़ा। इसी दौरान पकड़े गए आरोपी को भी उपद्रवी छुड़ाकर ले गए।

अन्य आरोपियों की तलाश में सर्च अभियान

मामले में थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि घटना को लेकर 3 लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है। पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जायेगा। फरार उपद्रवियों की तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद से सभी गांव से फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों से सभी के संबंध में पूछताछ कर नाम पते का सत्यापन किया जा रहा है। उन सब के खिलाफ FIR दर्ज किया जाएगा।

 

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *