72 घंटे बाद भी माहिर हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली, न कारण का पता और न हमलावर का सुराग, आंदोलन के मूड में सब्जी व्यवसाई

मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कटही पूल इलाके में दुधमुंहे बच्चे माहिर (6) की तलवार से काटकर हत्या करने के मामले में अब तक हमलावर का सुराग नहीं मिला है। यहां तक कि घटना का कारण भी पता नहीं लगा है। जिससे यह लग रहा है ये मर्डर एक ब्लाइंड केस बनता जा रहा है।

क्योंकि, घटना के 72 घंटे से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस वजह भी पुलिस पता नहीं लगा सकी है। आखिर राजा पटेल और उसकी पत्नी रेणु पर क्यों हमला किया गया। जिसमें उसके बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने CCTV से भी हमलावर का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन स्टेशन की तरफ हमलावर जिस रास्ते से भागा था। वहां कैमरा सर्फ शो पीस बनकर रह गया है।

यानी यह खराब है। अगर कैमरा ठीक होता तो आरोपी के बारे में अहम सुराग हाथ लग सकता था। हमलावर की गिरफ्तारी नहीं होने से सब्जी व्यवसायियों में आक्रोश व्याप्त है। राजा ने कहा कि अगर अब भी पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी तो वे लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन लोगों का सब्र अब टूटने लगा है। राजा ने कहा कि हम अपने बयान पर अब भी कायम हैं। मेरा किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं था। घटना क्यों घटी और हमलावर कौन है। ये पुलिस पता लगाए। अन्यथा वे लोग आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।

सर्विलांस टीम का सहारा

इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस सर्विलांस टीम का सहारा ले रही है। घटनास्थल के समीप टावर डंप कराया गया है। इसमें कई मोबाइल नम्बर मिले हैं। अब इन नम्बरों में से एक-एक नम्बर का डिटेल खंगाला जा रहा है। ताकि हमलावर के बारे में कोई सुराग मिल सके। सबसे बड़ा सवाल है कि क्या हमलावर के पास उस समय मोबाइल था ? अगर मोबाइल होगा तो टावर डंप के जरिए इसकी जानकारी मिल सकती है। हालांकि, इसे गोपनीय तरीके से किया जा रहा है। इसकी भनक अभी मीडिया को नहीं लगने दी जा रही है।

दो की संख्या में थे आरोपी

राजा ने बताया कि उनलोगों ने अपने स्तर से हमलावर के बारे में पता लगाने की कोशिश की। इस दौरान कटही पूल के कुछ लोगों ने बताया कि नारंगी रंग के गमछा लपेटे व्यक्ति के साथ एक और भी युवक था। दोनों पूल की तरफ घटना से कुछ देर पहले गए थे। ये बात राजा की पत्नी ने भी बताई। उसने कहा कि जब नकाबपोश उसके पति और उस पर तलवार चला रहा था। उस समय एक युवक पूल के नीचे खड़ा था। जब वह चिल्लाने लगी तो वह दूसरे रास्ते से भाग निकला और हमलावर स्टेशन की तरफ भागा। पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गयी है। केस के IO दरोगा शशि भगत इस संबंध में पता लगाने में जुट गए हैं।

 

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *