Muzaffarpur में कल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप, एक दूसरे से भिड़े 2 मुखिया प्रत्याशियों के समर्थक, कई गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में बुधवार को पंचायत चुनाव को लेकर मतदान है। इससे पहले मंगलवार की रात बोचहां इलाके में कई राउंड फायरिंग हुई। दो मुखिया प्रत्याशी समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है। इसमें दो युवकों को गोली लगी है। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को बोचहां में पंचायत चुनाव भी है।

 

मारपीट में भी एक समर्थक घायल हो गया है। बैरिया स्थित मां जानकी अस्पताल में मुखिया प्रत्याशी बेबी पटेल के समर्थक इंद्रजीत को भर्ती कराया गया। उसे पेट के नीचे गोली लगी है। वहीं राहुल कुमार को सिर में गोली लगने की जानकारी मिली है। वह SKMCH के आसपास किसी अस्पताल में भर्ती है।

लेकिन, अभी पुलिस को उसके बारे में सही जानकारी नहीं मिली है। उसका पता लगाने के लिए निजी अस्पतालों में छानबीन की जा रही है। मारपीट में अभिषेक नाम का युवक भी घायल हो गया है। उसे भी प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

मौके से पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर DSP पूर्वी मनोज पांडेय के नेतृत्व में काफी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। टीम को देखते ही उपद्रवी भागने लगे। इस दौरान जवानों ने खदेड़ कर पांच आरोपियों को दबोचा। मौके से एक पिस्टल और आधा दर्जन बाइक भी जब्त की गई है। DSP ने बताया की दूसरा पक्ष रामश्रेष्ठ सहनी का है, जो मुखिया प्रत्याशी है। उसी के पक्षों द्वारा पहले हमला करने का आरोप लगाया गया है।

क्षेत्र से लौटने के दौरान घटना
मुखिया प्रत्याशी बेबी पटेल अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में जायजा लेकर लौट रही थीं। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने घेराव कर लिया। गाली-गलौज करने लगे। इसका समर्थकों ने विरोध किया तो मारपीट कर हमला बोल दिया। इसी दौरान मुखिया प्रत्याशी ने कॉल कर DSP पूर्वी को सूचना दी। इधर, उन सभी को घेर लिया गया। जमकर मारपीट और बवाल शुरू हो गया। इसी दौरान गोलीबारी भी हुई। जिसमें दो युवक घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को कंट्रोल में किया।

एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती
बोचहां का पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। SSP जयंकान्त खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहां से पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। घटना में जो भी लोग शामिल हैं। सभी की गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है।

कल बोचहां में होना है चुनाव
कल सुबह सात बजे से बोचहां और मुशहरी में चुनाव होना है। आज शाम को DM-SSP ने क्षेत्र का जायजा लिया था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश भी दिए थे। इसी बीच देर शाम गोलीबारी होने से कल का चुनाव प्रभावित होने की संभावना है। गांव में दोनों पक्ष में अंदर ही अंदर तनाव व्याप्त है। हालांकि, पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *