मुजफ्फरपुर में सड़क चौड़ीकरण के बाद भी बिजली के खंभे लगा रहे ट्रैफिक पर ब्रेक, विभाग सुस्त

सड़क चौड़ीकरण होने के बाद बिजली खंभा नहीं हटने की वजह से ट्रैफिक पर शहर में कई जगह ब्रेक लग रहा है। छोटे-बड़े हादसे भी हो रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण के साथ पथ निर्माण विभाग व स्मार्ट सिटी को बिजली लाइन शिफ्ट करने की जवाबदेही है। इसमें शिथिलता बरती जा रही है। दूसरी ओर, शहर में बेकार पड़े बिजली खंभे को हटाने के लिए पिछले दो साल की प्रशासनिक कवायद का नतीजा कुछ भी नहीं निकला है।

पानी टंकी चौक से मिठनपुरा तक 10 करोड़ की लागत से सड़क व नाला का निर्माण तकरीबन 85% हो चुका है। इसी एस्टीमेट में निर्माण एजेंसी को बिजली लाइन शिफ्ट करना है। पानी टंकी चौक व जुब्बा सहनी पार्क के सामने 8 से 10 फीट पक्की सड़क पर ट्रांसफार्मर है। ट्रांसफार्मर नहीं हटाने से सड़क निर्माण भी अधूरा है। हादसे की भी आशंका बनी रहती है। पानी टंकी चौक से मिठनपुरा तक दर्जनों पोल ट्रैफिक पर ब्रेक लगा रहे हैं।

जवाहर लाल रोड से हाथी चौक होते हुए लेप्रोसी मिशन तक बिजली शिफ्ट करने की कवायद पिछले कुछ दिनों से तेज हुई है। डिवाइडर के बीच में पोल लगाया जा रहा है। ब्रह्मपुरा थाना चौक से बीबीगंज होते हुए भामाशाह द्वार तक लाइन शिफ्टिंग का काम काफी धीमी गति में चलने से लोगों को परेशानी हो रही है। बीबीगंज में दो जगह ट्रांसफार्मर पक्की सड़क पर रहने से निर्माण कार्य अधूरा है। इसी तरह की स्थिति हाईवे से भामाशाह द्वार के बीच में भी बनी हुई है।

बैठक से आगे नहीं बढ़ा बेकार पड़े पोल को हटाने का काम
करीब एक माह पहले नगर आयुक्त व एनबीपीडीसीएल के कार्यपालक अभियंता ने बैठक कर तय किया था कि शहर में बेकार पड़े पोल को हटाया जाएगा। इसके लिए निगम प्रशासन की ओर से कटर, मजदूर व संसाधन मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया था। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को अपने स्तर से बेकार पड़े बिजली खंभे को चिह्नित करने की जवाबदेही दी गई थी। कार्यपालक अभियंता राजू कुमार का तबादला हो गया। लेकिन, यह काम अब तक पूरा नहीं हो सका है।

पानी टंकी-मिठनपुरा रोड में तीन दिनों का शट डाउन मांगा
बैरिया गोलंबर से ब्रह्मपुरा होते हुए स्टेशन तक लाइन शिफ्टिंग करने में निर्माण एजेंसी काफी लापरवाही बरत रही है। तिलक मैदान रोड में तो पोल शिफ्टिंग के बहाने नारकीय स्थिति बना कर पौने दो माह से छोड़ दिए हुए है। मोतीझील-हरिसभा इलाके में भी पोल शिफ्टिंग का काम बहुत धीमी गति में है। पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर अंजनी कुमार का कहना है कि पानी टंकी-मिठनपुरा रोड में दो दिन बाद से तीन दिनों का शट डाउन मांगा गया है। इसमें बिजली पोल को शिफ्ट किया जाएगा। बाकी रोड में काम चल रहा है।

 

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *