जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सोमवार को साहेबगंज पहुंचे और दुष्कर्म पीड़िता की सुध ली। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर न्याय का भरोसा दिलाया।
उन्होंने मौके पर मोबाइल से एसडीपीओ सरैया राजेश कुमार शर्मा से बात की। पीड़िता का पक्ष लेने और जेल भेजे गए आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने के लिए कहा। साथ ही कहा कि इस मसले पर वह सीएम के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि डीआईजी से भी बात कर दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी। उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। कहा कि सत्ता को महंगाई और बेरोजगारी से कोई बहस नहीं है। सत्ता को सिर्फ जातीय गणना से मतलब है। अगर हिम्मत है तो बेरोजगारों की गणना कराकर देख लीजिए। सरकार को गरीबी, बेटियों की सुरक्षा और न्याय की कोई चिंता नहीं है।
