मुजफ्फरपुर, कार्यालय संवाददाता।
ट्रेड लाइसेंस, यूजर चार्ज व पानी शुल्क के खिलाफ मंगलवार को शहर के व्यवसायियों ने सड़क पर उतरकर कड़ा विरोध जताया। चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आह्वान पर व्यवसायियों ने काली पट्टी बांधकर सूतापट्टी में प्रदर्शन किया।
अविलंब तीनों टैक्स व शुल्क वापस लेने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।
अध्यक्ष पुरुषोत्तमलाल पोद्दार व महासचिव सज्जन शर्मा ने कहा कि अपनी मांगों व आपत्तियों से नगर आयुक्त को अवगत करा चुके हैं। उनसे बातचीत में सकारात्मक नतीजा सामने नहीं आया। अंतत: जबरन थोपे जा रहे शुल्क व टैक्स के खिलाफ आंदोलन करना पड़ा है। इसकी वापसी तक आंदोलन जारी रहेगा। व्यवसायियों ने बताया कि बरसात से पहले मोतीझील, छोटी सरैयागंज, बैरिया व कलमबाग रोड आदि प्रमुख बाजार नरक बन चुके हैं। जलजमाव के कारण लोग बाजार व मंडियों तक नहीं पहुंच रहे हैं। इसकी अनदेखी कर नगर निगम के अधिकारी शहरवासियों पर जबरन नये-नये टैक्स थोप रहे हैं। आंदोलन में देवीलाल, जितेंद्र कुमार मुन्ना, प्रमोद कुमार मोदी, गरीबनाथ बंका, रमेश झुनझुनवाला, संजय कुमार झा व राजीव केजरीवाल आदि व्यवसायी शामिल रहे।
