रामदयालु नगर स्टेशन पर टिकट बुकिंग रही ठप, प्रिंटर खराब होने के कारण बेटिकट यात्रा करने को मजबूर हुए यात्री

रामदयालुनगर स्टेशन पर मंगलवार की सुबह टिकट बुकिंग ठप रही। इस कारण दर्जनों यात्री स्टेशन से लौट गए। ट्रेन स्टेशन पर रहते हुए भी यात्री यात्रा नहीं कर सके।

सुबह में ट्रेन के आगमन के समय टिकट बुकिंग ठप रहने से यात्रियों ने आक्रोश जताया। यात्रियों के आक्रोश के बाद कर्मी ने टिकट बुकिंग सिस्टम को दुरुस्त करने की कोशिश की। लेकिन, प्रिंटर कार्य नहीं कर रहा था। इसके बाद कर्मी ने टिकट जारी करने से हाथ खड़ा कर दिया। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन से सुबह के दौरान हाजीपुर व आसपास के स्टेशनों के लिए एकमात्र ट्रेन है। यह ट्रेन अपने तय समय सुबह 8.10 बजे स्टेशन पर आयी। यात्री पौने आठ बजे स्टेशन पर आ चुके थे। टिकट लेने के लिए यात्री कतार में लगे। लेकिन, यात्रियों को टिकट उपलब्ध नहीं हो सका। कतार में लगने वाले यात्रियों को हाजीपुर, पाटलिपुत्र, सराय, भगवानपुर व गोरौल आदि स्टेशन जाना था। यह ट्रेन स्टेशन पर ठहरने के बाद तुर्की के लिए रवाना हो गई। रेल अधिकारियों ने बताया कि सुबह में कुछ देर के लिए टिकट बुकिंग ठप रही। सूचना के बाद प्रिंटर को दुरुस्त कर दिया गया। इसके बाद सामान्य रूप से काउंटर से टिकट जारी की गई।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *