मुजफ्फरपुर के कंपनीबाग से हटा अवैध कब्जा, नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

करीब दो माह के बाद नगर निगम ने मंगलवार को कंपनीबाग में एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कचहरी गेट से लेकर सूतापट्टी मोड़ तक सड़क किनारे की दुकानों को हटाया।

सभी दुकानदारों को एमआईटी के पास या अखाड़ाघाट रोड में चिह्नित स्थल पर दुकान ले जाने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश के बाद अभियान चलाया गया। जेसीबी व ट्रैक्टर देखकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सभी दुकानदार अपना-अपना सामान समेटने लगे। सुबह 10 बजे दुकान लगाने के कुछ ही देर में नगर निगम के कर्मचारी पहुंच गये। दुकानदार अपना सामान समेटकर भाग खड़े हुए। अतिक्रमण खाली कराने के दौरान घोषणा की गई कि सभी दुकानदार अपनी दुकान एमआईटी गेट के पास चिह्नित स्थल या अखाड़ाघाट रोड में देना बैंक के पास लगा सकते हैं। करीब एक घंटे तक ट्रैफिक भी जाम रहा।

इधर, अतिक्रमण हटने के साथ ही निर्माण एजेंसी ने नाला निर्माण के लिए काम शुरू कर दिया। जहां नाले पर स्लैब ढाल दिया गया है, वहां ऊपर से मिट्टी डाली गई और जहां नाला अभी निर्माणाधीन है, वहां छड़ व तख्ती लगाकर काम शुरू किया गया। सिटी मैनेजर ओम प्रकाश ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *