मुजफ्फरपुर,। कंवरियां पथ में इस साल 10 जगहों पर नगर निगम वाटर कूलर लगवाएगा। साथ ही गुलाब का झड़ना भी लगाया जाएगा। ज्यादातर डाक कांवरिया पहलेजा से जल उठाने के बाद लगातार दौड़ते व चलते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचते हैं।
इनके लिए गुलाब जल का झरना लाभदायक होगा। पांव के छाले में गुलाब जल काफी फायदामंद होता है। इसके लिए नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने सहायक अभियंता अमियतेष कुमार को जिम्मेवारी सौंपी है। सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को कांवरियों की सुविधाओं को लेकर किए गए कार्य की समीक्षा की जाएगी।
हर सोमवारी से पहले ऑपरेशन क्लीन: नगर आयुक्त ने श्रावणी मेले को लेकर 14 सुविधाओं का निर्देश जारी किया है। बताया कि कांवरिया पथ में सबसे पहले अतिक्रमण खाली कराया जाएगा। इसके लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। हर सोमवारी से पहले रामदयालू से लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर तक ऑपरेशन क्लीन चलेगा, ताकि कांवरियों को आने में कोई व्यवधान न हो। इसके लिए सिटी मैनेजर ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभयिंता को निर्देश दिया गया है कि श्रावणी मेला से पहले रामदयालू से लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर तक कांवरिया पथ का मरम्मत कराएं। सभी खुले नाले को ढकने के साथ स्ट्रीट लाइट रोशन किए जाएंगे। पहली सोमवारी से पहले इन कामों को पूरा कर लेना है। मधौल से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक लगातार जल छिड़काव होगा और रोड पर झाड़ू लगाए जाएंगे। कांवरियों के सभी ठहराव स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अलग-अलग निगम कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
लोहे के पाइप से होगी बैरिकेडिंग
नगर आयुक्त ने बताया कि बाबा गरीबनाथ मंदिर से पूरब माखनसाह चौक से हनुमान मंदिर एवं बाबा गरीबनाथ मंदिर से पश्चिम गांधी चौक तक दो लेन में लोहे के पाइप का बैरेकेटिंग कराने के लिए सहायक अभियंता उग्रमोहन प्रसाद और जूनियर इंजीनियर पवन कुमार को निर्देश दिया गया है। माखन साह चौक और छाता बाजार चौक पर दो मजबूत तोरण द्वार के अलावा टॉवर चौक और रामदयालू में प्रवेश प्वाइंट पर तोरण द्वार बनेगा। रामदयालू से लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर तक सभी स्कूल, कॉलेज, धर्मशालाओं की साफ-सफाई कराई जाएगी। प्रत्येक कांवरिया ठहराव स्थलों के पास टैंकर में पीने के पानी की व्यवस्था की जाएगी।
