शहर में 17 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश ने गुरुवार को जिला प्रशासन को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है।
इसमें आरडीएस कॉलेज में टेंट सिटी के निर्माण की सिफारिश की गई है। साथ ही जिला स्कूल में 10 हजार श्रद्धालुओं के घूमने लायक जिगजैग के निर्माण का भी प्रस्ताव दिया गया है। पहलेजा घाट से जलबोझी कर आने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए एसडीओ पूर्वी ने कई अन्य प्रस्ताव भी दिए हैं।
एसडीओ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि रामदयालु से अघोरिया बाजार तक नाले पर या तो स्लैब डालना आवश्यक है या फिर वहां नाले के बगल में बैरिकेडिंग कराने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने हरिसभा से देवी मंदिर जाने वाली सड़क में भी नाले पर स्लैब या बैरिकेडिंग की अनुशंसा जिला प्रशासन से की है। एसडीओ ने रामदयालु नगर गुमटी के पास बड़े साइनबोर्ड पर मंदिर जाने का रूट चार्ट प्रकाशित करने व जगह-जगह भक्तिमय स्लोगन लगाने का भी प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा एसडीओ पूर्वी ने आरडीएस कॉलेज, ओरिएंट क्लब, जिला स्कूल में कांवरियों के ठहरने की सुविधा बहाल करने की बात कही है। उन्होंने साहू पोखर के अंदर बांस से बैरिकेडिंग करने व गोताखोर तैनात करने की भी आवश्यकता जताई है। वहीं, प्रभात सिनेमा चौक से बजरंगबली मंदिर होते हुए माखन साह चौक तक लोहे की पाइप से बैरिकेडिंग व माखन साह चौक से छाता बाजार तक बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग करने की जरूरत बताई है।
जगह-जगह सड़क की मरम्मत को बताया जरूरी :
एसडीओ पूर्वी ने सड़कों को लेकर भी प्रस्ताव दिए हैं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि प्रभात सिनेमा चौक से बजरंगबली मंदिर तक सड़क की मरम्मत बेहद जरूरी है। इसके अलावा अमर सिनेमा चौक से छोटी कल्याणी चौक तक सड़क की मरम्मत की आवश्यकता भी उन्होंने जताई है। उन्होंने कई मोहल्ले व गलियों की साफ-सफाई के अलावा कांवरिया पथ में पड़ने वाले सभी बिजली के खंभों पर सात फीट की ऊंचाई तक प्लास्टिक लपेटने का भी प्रस्ताव दिया है।
