मुजफ्फरपुर। रिश्वत मामले में काजी मोहम्मदपुर थाने में तैनात जमादार कृष्ण कुमार सिंह को तिरहुत रेंज के आइजी गणेश कुमार ने तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। सवा चार साल पहले 2017 में मीनापुर थाने में कृष्ण कुमार सिंह तैनात थे। इसी क्रम में विजिलेंस ने 10 हजार रुपये घूस लेते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। विजिलेंस थाने में जमादार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपित जमादार फिर से जिला बल में योगदान दिया। इसके बाद वर्तमान में वह काजी मोहम्मदपुर थाने में तैनात था।
दूसरी ओर उसके ऊपर लगे आरोप की जांच चल रही थी। डीएसपी व एसएसपी की रिपोर्ट के बाद आरोप को सत्य पाते हुए गत दिनों एसएसपी ने आरोपित जमादार के खिलाफ बर्खास्तगी की अनुशंसा की। इस पर रेंज आईजी ने तत्काल प्रभाव से आरोपित जमादार को बर्खास्त कर दिया। जमादार के खिलाफ गंभीर टिप्पणी भी की गई है। बर्खास्त जमादार पर घोर अनुशासनहीनता, कर्त्तव्यहीनता, संदिग्ध आचरण व एक अयोग्य पुलिस पदाधिकारी होने का आरोप लगा है। इसके आधार पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है।
INPUT: Hindustan