24 घंटे बाद नदी से मिला छात्र का शव, बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान डूबे थे दो बच्चे, एक सकुशल निकल गया

मुजफ्फरपुर जिले के कांटी स्थित बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान डूबे छात्र को SDRF ने 24 घन्टे बाद खोजकर निकाल लिया। जिस जगह वह डूबा था। वहां से करीब दो किलोमीटर आगे नदी में उसका शव मिला। शव को बाहर निकाला गया। लाश देखते ही परिजन चीत्कार करने लगे। मृतक शिवम (12) की मां गायत्री देवी अपने बच्चे के शव से लिपटकर रोने लगी। पूरा माहौल गमगीन हो गया।

उसकी मां बार-बार बेहोश हो रही थी। आसपास के लोग पानी का छींटा मारकर उन्हें होश में ला रहे थे। आंख खुलते ही वह फिर बेटे से लिपटकर चीत्कार करने लगती थी। शव मिलने के बाद कांटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये मेडिकल में भेज दिया। थानेदार संजय कुमार ने बताया कि परिजन के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि शुक्रवार को शिवम और मोहित बूढ़ी गंडक नदी में चुपके से नहाने चले गए थे। इसी दौरान शिवम गहरे पानी मे चला गया और वह डूबने लगा। मोहित किसी तरह पानी से बाहर निकल गया। लेकिन, शिवम डूब गया। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक ने मोहित से पूछा तो उसने घटना की जानकारी दी। युवक ने ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। तब SDRF की टीम भी पहुंची। शुक्रवार को पांच घन्टे तक खोजबीन की गई। लेकिन, कोई सुराग नहीं मिला। आज फिर से टीम नदी में उतरी। कड़ी मशक्कत और चार घन्टे के बाद बच्चे का शव खोजकर बाहर निकाला गया।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *