दिव्यांग बोगी से AC कोच तक परीक्षार्थियों का कब्जा, शांतिपूर्वक संपन्न हुई ITI की प्रवेश परीक्षा, 6 घंटे तक परीक्षार्थियों की भीड़ से पटा रहा जंक्शन

ITI की प्रवेश परीक्षा देकर लौटे छात्र-छात्राओं से मुजफ्फरपुर जंक्शन पट गया। हर कोना परीक्षार्थियों से भरा था। देर रात तक मुजफ्फरपुर जंक्शन से गुजरने वाली तकरीबन सभी ट्रेनों पर छात्रों ने कब्जा जमाया। दिव्यांग बोगी से लेकर AC कोच तक में ठूंस-ठूंसकर सवार हुए। देर रात 12 बजे तक अफरातफरी और भगदड़ का माहौल बना रहा। इस कारण ट्रेनें भी नहीं खुल रही है। GRP और RPF ने मोर्चा संभाला। पहले परीक्षार्थियों को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन, कोई सुनने को तैयार नहीं था। फिर पुलिस ने डंडे भांजकर भीड़ को तीतर बितर किया। तकरीबन जंक्शन पहुंचे 50 फीसदी छात्र भीड़ की वजह से ट्रेन पर चढ़ नहीं सके। वे बस या अन्य सवारी से निकले।

 

मुजफ्फरपुर जंक्शन का आलम यह था कि यहां सिर्फ दूर-दूर तक परीक्षार्थी ही नजर आ रहे थे। पुलिस जवानों की तैनाती थी। लेकिन, वे छात्रों के भीड़ के आगे बौने साबित हो गये थे। मूकदर्श बने हुए थे। छात्र उनकी एक नहीं सुन रहें थे। प्लेटफॉर्म के अलावा मेन लाइन पर खड़े होकर परीक्षार्थी ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे थे और ट्रेन आने पर उल्टे साइड से खिड‍्की, दो बोगी के ज्वांटर आदि पर सवार चढ़कर कोच में घुसे। इसे लेकर आपस में कई बार छात्रों ने नोंकझोक और हाथापाई की।

 

गांधीनगर-भगालपुर एक्सप्रेस पर कब्जा

 

परीक्षा समाप्त होने के बाद ही परीक्षार्थी जंक्शन पहुंचने लगे थे। इस बीच गांधीनगर-भागलपुर एक्सप्रेस जंक्शन पहुंची। जिसपर समस्तीपुर और बरौनी की ओर जाने वाले परीक्षार्थियों ने कब्जा जमाया। अत्यधिक भीड़ होने और प्लेटफॉर्म पर पार्सल का ठेला लगे होने की वजह से दो महिला सहित दर्जनभर से अधिक यात्रियों का ट्रेन छूट गया। उनकी आंखों के सामने से ट्रेन निकल गयी। लेकिन, वे लोग चढ़ नहीं पाये। पोरबंदर एक्सप्रेस के दिव्यांग बोगी में बेतिया के छात्रों का कब्जा रहा। उसमें चादर बिछाकर यात्रा किया।

 

अवध असम व पवन एक्सप्रेस पर जमाया कब्जा

 

गांधीनगर-भागलपुर एक्सप्रेस के जाने के बाद छात्रों ने छपरा-सिवान की ओर जाने वाली अवध असम और पवन एक्सप्रेस पर कब्जा जमाया। जनरल बोगी के अलावा सभी एसी और रिजर्वेशन बोगी में छात्र घुसे। लात मुक्का और धक्का-मुक्का करते हुए सीट पर कब्जा भी जमाया। इससे रिजर्वेशन बोगी में सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी का समाना करना पड़ा। इन ट्रेनों के आते ही छात्र उसपर जान जोखिम में डालकर टूट पड़े। चालक को हाथ दिखाकर ट्रेन रोकने को लेकर हंगामा भी किया। प्लेटफॉर्म व मेनलाइन पर अत्यधिक भीड़ की वजह से चालक ने ट्रेन को कॉशन में प्लेटफॉर्म पर लाया और निकाला भी।

 

हेरिटेज इंजन बना छात्रों का सेल्फी प्वाइंट

 

जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में रखा गया हेरिटेज इंजन रविवार को छात्रों के बीच सेल्फी प्वाइंट बन गया। अधिकांश छात्र-छात्रों ने उसपर चढ़कर या उसके आसपास जाकर सेल्फी लिया। हालांकि, बीच-बीच में पुलिस जवान छात्रों को हड़काते रहे। लेकिन, छात्रों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा।

 

ये ट्रेनें रही सबसे प्रभावित…

 

अवध असम एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, गोंदिया एक्सप्रेस, गांधीनगर-भागलपुर एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट, टाटा-छपरा एक्सप्रेस, पोरबंदर एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र मेमू।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *