सात फेरे लेने से पहले ही दूल्हा हुआ गिरफ्तार, बारात लेकर निकले लूट के आरोपित को Police ने रास्ते में दबोचा, फिर…

दुल्हन के घर बारात लेकर पहुंचने से पहले लूट और आर्म्स एक्ट मामले के आरोपी दूल्हा को बुधवार रात पुलिस ने दबोच लिया। पर जेल भेजने से पहले आरोपी की मंदिर में शादी कराई। लड़की को मायके भेजा और फिर आरोपी को जेल। मामला औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र का है।

गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार दाउद नगर थाना क्षेत्र के उच्चकुंधी गांव का है। उसके खिलाफ ओबरा थाने में लूट का मामला (कांड संख्या 26/21) दर्ज है। जबकि, दाउद नगर थाना में आर्म्स एक्ट (कांड संख्या 72/21) का केस है। इसमें वह एक साल से फरार चल रहा था। आरोपी दूल्हा दाउद नगर और ओबरा थाना का मोस्टवांटेड था।

दरअसल, ओबरा पुलिस को आरोपी के बारे में सटीक सूचना मिली थी कि उसकी बुधवार रात शादी होने वाली है। बारात देवकुंड थाना के दुलार बिगहा गांव जाने वाली है। सूचना के फौरन बाद ओबरा, दाउद नगर और खुदवां थाना पुलिस ने अभियान शुरू किया। बेल मोड़ होकर गुजरने वाले दूल्हे की गाड़ी को रोककर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान ही आरोपी को ओबरा पुलिस ने दबोच लिया।

पुलिस गिरफ्तार करने के बाद आरोपी को ओबरा थाना ले जाया गया। जहां से पूछताछ के बाद पुलिस अभिरक्षा में पहले मदनपुर ले जाया गया। फिर मदनपुर से उसे देव थाना लाया गया। देव थाना के मंदिर में उसकी शादी रचाई गई। शादी के बाद दुल्हन को उसके घर भेज दिया। जबकि, आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। फिर आगे की कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *