पटना के अदालतगंज तालाब में लीजिए म्यूजिकल फाउंटेन, बोटिंग और लेजर शो का मजा, केवल पांच रुपए का है प्रवेश टिकट

अब अदालतगंज तालाब के किनारे भ्रमण के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ रही है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इसका विकास किया गया है। यहां पर नौकायन, जार्बिंग बाल, ट्रैंपोलीन, साउंड एंड लेजर शो, म्यूजिकल फाउंटेन, फव्वारा आकर्षण का केंद्र है। सुबह नौ से रात नौ बजे तक प्रतिदिन यहां 700 से एक हजार सैलानी आते हैं। एक अप्रैल 2022 से प्रवेश टिकट लेकर लोग आनंद उठा रहे हैं।

विदित हो कि अदालतगंज तालाब कचरे से पटा रहता था। गंदा पानी और कचरे के कारण यहां लोग आना पसंद नहीं करते थे। आसपास में झुग्गी झोपडिय़ां थीं। सर्पेंटाइन नाले के गंदा पानी के संपर्क में था। चार दिसंबर 2021 को यह तालाब सौंदर्यीकरण के बाद आकर्षण का केंद्र बन गया है। पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 10 करोड़ रुपये खर्च कर इस स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया। शाम ढलते ही इसका आकर्षण और बढ़ जाता है। शाम सात से रात नौ बजे के बीच साउंड एंड लेजर शो चलता है।

म्यूजिक फाउंटेन अपनी तरफ आकर्षित करता है। 40 फीट ऊंचाइयों तक जाने वाले रंग-बिरंगे फव्वारे चलते रहते हैं। तालाब का कैंपस रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग रहता है। तालाब निर्माण में पर्यावरण संरक्षण का ख्याल रखा गया है। चारों तरफ पेड़-पौधे लगे हैं। हरियाली अपनी तरफ आकर्षित करती है। बीच-बीच में पर्यटकों को बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। चारदीवारी भी है।

जल्द ही लजीज व्यंजन का उठा सकेंगे आनंद

पटनावासियों को सुबह-शाम भ्रमण के लिए स्थल मिल गया है। रंग-बिरंगी रोशनी के बीच लोग यहां बच्चों संग भ्रमण रात नौ बजे तक करते हैं। लजीज व्यंजन भी जल्द ही मिलेगा। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड अदालतगंज संचालन का भार निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं पटनावासियों को यहां उपलब्ध कराई जाए।

बच्चे का दो तो वयस्क का पांच रुपये लगता है प्रवेश शुल्क

अदालतगंज तालाब में प्रवेश के लिए शुल्क निर्धारित है। बच्चे का दो तो वयस्क का पांच रुपये प्रवेश शुल्क लगता है। प्रवेश सुबह नौ से रात नौ बजे तक मिलता है। सुबह छह से नौ बजे तक मार्निंगवाकरों के भ्रमण की नि:शुल्क व्यवस्था है।

नौकायन के लिए 200 रुपये सिक्योरिटी मनी

नौकायन करने के लिए 200 रुपये सिक्योरिटी मनी के तौर पर देना पड़ता है। वापसी के दौरान यह राशि वापस हो जाती है। प्रत्येक व्यक्ति 10 रुपये नौकायन का शुल्क है। 15 मिनट नौकायन करने का मौका मिलता है। चार सीटर पांच नौकायन हैं। 15 दिन पहले सिक्योरिटी मनी देना अनिवार्य कर दिया गया है। इस कारण प्रतिदिन 20-25 लोग नौकायन कर पा रहे हैं।

जार्बिंग बाल 50 रुपये में 10 मिनट

जार्बिंग बाल 10 मिनट के लिए 50 रुपये का शुल्क लगता है। बच्चे को इसमें डालने के बाद रस्सी पकड़कर रखना पड़ता है। ट्रैंपोलीन 10 मिनट के लिए 20 रुपये देने पड़ते हैं। जार्बिंग बाल, ट्रैंपोलीन और नौकायन की सुविधा दिन के 10.00 से शाम छह बजे के बीच मिलती है।

अमरनाथ पथ में है यह तालाब

अदालतगंज तालाब अमरनाथ पथ पर स्थित है। बुद्धमार्ग और वीरचंद पटेल पथ के बीच यह पथ है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय के पिछले भाग में है। यह तालाब पटना जंक्शन, मौर्यालोक कांप्लेक्स और आयकर गोलंबर से नजदीक में स्थित है। पटना स्‍मार्ट सिटी ल‍िम‍िटेड के एमडी अन‍िमेश कुमार पाराशर ने बताया कि पटनावासियों के लिए अदालतगंज तालाब कैंपस शाम बिताने का एक बेहतर स्थल है। रविवार को ज्यादा लोग आते हैं। साउंड एंड लेजर शो, नौकायन सहित कई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संचालन का भार जल्द से एजेंसी को सौंपी जाएगी। पर्यटकों की सुविधाओं में वृद्धि का प्रयास होगा।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *