मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा कमतौल में शुक्रवार की देर रात बाइक सवार दो अपराधियों ने घर में घुसकर महिला को गोली मार दी। गोली उसके पेट और जांघ में गोली लगी है। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गयी। घटना को अंजाम देकर अपराधी वहां से भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग जुट गए। आनन फानन में महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ऑपरेशन कर गोली निकालने की कवायद में जुटे हैं। घायल महिला कौशल सिंह की पत्नी संगीता हैं।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद कुढ़नी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा। किसी तरह समझाकर सभी को शांत कराया गया। मौके से दो खोखा जब्त किया गया है। DSP वेस्ट अभिषेक आनंद ने बताया कि महिला के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज होगा। तभी घटना का कारण स्पष्ट होगा। अब तक कोई कारण सामने नहीं है।
बताया गया कि मुजफ्फरा कमतौल के कौशल सिंह दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। पत्नी संगीता भी वहां काम करती हैं। पिछले दिनों दिल्ली से घर आई थी। पति दिल्ली में ही है। शुक्रवार की देर रात संगीता घर में थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश दरवाजे पर पहुंचे। वे दोनों तरुण एवं वरुण का नाम लेकर उन्हें खोजने लगे। संगीता से पूछा कि दोनों कहां है। संगीता द्वारा पता नहीं बताने पर बदमाशों ने घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी।
तरुण और वरुण कौशल सिंह के भांजे है। इनका घर कांटी में है। कुढ़नी थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला को गोली लगी है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजन का बयान लेने की कोशिश की गई, लेकिन अभी बयान नहीं दिया गया है।