रोहतास डीएम धर्मेन्द्र कुमार शनिवार को जिले के सबसे सुदूरवर्ती पर्वतीय प्रखंड नौहट्टा पहुंचे और अधिकारियों की टीम के साथ योजनाओं की जांच की। इस क्रम में उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र के विद्यालयों का भी निरीक्षण किया और बच्चों को पढ़ाया भी।
इस क्रम में दोपहर में डीएम कैमूर पहाड़ी के दुर्गम क्षेत्र में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेलदुरिया में पहुंचे, और विद्यालय का निरीक्षण किया। बच्चों को पढ़ाया, तबतक मध्याह्न भोजन का समय हो गया। डीएम ने बच्चों के साथ पंगत में बैठ भोजन करने का निर्णय किया। विद्यालय के बरामदे में बोरा बिछाए गएं, और बच्चों के साथ डीएम भी बोरा पर भोजन करने बैठे। मध्याह्न भोजन में खिचड़ी. चोखा परोसा गया, और डीएम ने बच्चों के साथ बैठ कर उसे ग्रहण किया। अपने साथ जिले के सबसे बड़े साथ अधिकारी को खाना खाता देख, बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया।
ज्ञात हो कि उसके पूर्व गत 6 जून को भी डीएम ने राजपुर के दौरे में बच्चों के साथ मध्य विद्यालय में खिचड़ी-चोखा खाया था। दो दिन के अंतराल के बाद आज वो फिर बच्चों के साथ भोजन करते नजर आए। बताते हैं कि डीएम द्वारा अब निरीक्षण के दौरान स्कूल में बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन ग्रहण करने से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। सुस्वादु भोजन के साथ अब साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जा रहा है।