बड़ी खबर: Patna में गंगा पाथ-वे पर भारी बवाल, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, लोगों ने बाइक फूंकी व बाइक सवार को रॉड से पीटा

राजधानी के नए बने गंगा पाथ-वे पर सोमवार शाम एक्सीडेंट हो गया है। बाइक के धक्के से 40 साल की एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद गंगा पाथवे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ही बाइक चलाने वाले और पीछे बैठे उसके साथी को लोगों की भीड़ ने पकड़ लिया। दोनों की जमकर पिटाई की। लाठी-डंडे के साथ ही लोहे के रड से इन्हें बुरी तरह से पीटा। उग्र लोगों ने इनकी बाइक में आग लगा दी। धक्का मारने वाले युवक और उसके दोस्त की जान तब बची, जब दीघा थाना की पुलिस वहां पहुंची। फिलहाल दोनों युवक पुलिस की कस्टडी में हैं।

सोमवार रात गंगा पाथवे पर यह एक्सीडेंट कुर्जी में 74 नंबर गेट के पास हुई। एक्सीडेंट में जिस महिला की मौत हुई, वो कुर्जी की ही रहने वाली थी। वो एक छोटी बच्ची को लेकर पैदल ही गंगा पाथवे की सड़क को पार कर गंगा नदी की तरफ जा रही थी। छोटी बच्ची सड़क को पार कर चुकी थी। जब महिला पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार से बाइक आई और जोरदार धक्का मार दिया। महिला कुछ दूर पर जा गिरी। इसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उस दरम्यान पहले से वहां कुर्जी के रहने वाले लोग मौजूद थे। एक्सीडेंट होते ही इन लोगों ने कॉल कर इलाके के दूसरे लोगों को भी बुला लिया। इसके बाद बवाल और अधिक बढ़ गया।

उग्र लोगों ने गंगा पाथ-वे के साथ ही कुर्जी में अशोक राजपथ को भी जाम कर दिया है। कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। न्यूज कवर करने गए मीडिया कर्मियों के साथ भी बदसलूकी की। उनके साथ गाली-गलौज की। कई आम लोगों के साथ भी मारपीट उग्र लोगों के तरफ से की गई है। हालात को कंट्रोल करने के लिए पुलिस फोर्स को बड़े स्तर पर बुला लिया गया है। थानेदार राजकुमार पांडेय के अनुसार, एक्सीडेंट में जिस महिला की मौत हुई है, उसका नाम मंजू देवी (पति योगेंद्र मलाह) है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *