बिहार पुलिस का Alert: कांवरियों पर आंतकियों की नजर, 6000 एक्स्ट्रा फोर्स की हुई तैनाती, भागलपुर-मुजफ्फरपुर समेत इन जिलों में विशेष चौकसी

इस साल कांवड़ यात्रा पर आंतकियों का साया है। आशंका जताई गई है कि आतंकवादी श्रावण मेले के दौरान बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसे लेकर बिहार पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी SSP और SP को अपने जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा है। इसे लेकर 6 हजार अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी की गई है।

 

शुक्रवार को ही केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से एक हाई अलर्ट जारी किया गया था। खासकर यह अलर्ट उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से जारी किया गया है। इसी के तहत अब बिहार पुलिस मुख्यालय भी एक्टिव हो गई है।

 

वहीं कल सावन की पहली सोमवारी है। ऐसे में राज्य के बड़े शिव मंदिरों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमरने वाली है। इसे ध्यान में रखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से एक अलर्ट राज्य के सभी जिला पुलिस को भेजा गया है।

 

सावन में ऐसे लगती है कांवरियों की लाइन।

सावन में ऐसे लगती है कांवरियों की लाइन।

होमगार्ड के जवान भी संभालेंगे लॉ एंड ऑर्डर

ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि भागलपुर, मुंगेर, बांका, नवगछिया, मुजफ्फरपुर, इन जिलों में काफी संख्या में मुख्यालय की तरफ से पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। इसमें 3 हजार रेगुलर पुलिस फोर्स, पुलिस अफसर और जवान शामिल हैं। इनके अलावा 3 हजार होमगार्ड के जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था और लॉ एंड ऑर्डर को संभालने के लिए लगाया गया है। इसमें महिला पुलिस फोर्स, अश्वारोही दल, टीयर गैस के साथ ही पुलिस के तरफ से किए जाने वाले सारे इंतजाम किए गए हैं।

 

जमालपुर रेल जिला पर सबसे अधिक फोकस

 

ट्रेनों में एक जगह से दूसरे जगह जाने वाले कांवरियों के मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए सभी रेल जिला पुलिस को भी एक्स्ट्रा फोर्स दिए गए हैं। खासकर रेल जिला जमालपुर को एक्सट्रा फोर्स दिए गए हैं, क्योंकि सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन इसी रेल जिला में है। कांवरियों की सबसे अधिक भीड़ यहीं होती है। वहीं, जिला पुलिस के पास जो अपना फोर्स है, उसके जरिए वहां के बड़े शिव मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।

 

जगह-जगह बनाए जाएंगे हेल्पिंग बूथ

इन सब के अलावा बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) की टीम को भी कांवरियों की सुरक्षा में तैनात किया गया है। पूरे सावने तक यह व्यवस्था बनी रहेगी। जगह-जगह पुलिस बूथ भी बनाए जाएंगे। ये हेल्प बूथ होगा। अगर उन्हें दिक्कत होगी तो वो मदद ले सकेंगे। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को भी नियंत्रित रखा जाएगा।

 

दूसरी तरफ पटना के एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने भी कहा कि पटना से सुल्तानगंज और देवघर जाने वाले रास्तों पर कांवरियों की सुरक्षा के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है। मंदिरों में भी सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजामों किए जा रहे हैं।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *