मुजफ्फरपुर में 2 युवकों की संदिग्ध मौ’तों से मचा हड़कंप, जहरीली शराब से मौ’तों की आशंका, एक युवक गं’भीर हालत में भर्ती

मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र के बनिया टोला में एक साथ दो व्यक्तियों की संदिग्ध परीस्थिति में हुई मौत से हड़कंप मच गया। इलाके में जहरीली शराब का सेवन करने से मौत की चर्चा है। हालांकि परिजन ने दोनों का आननफानन में दाह संस्कार कर दिया। वहीं एक युवक गम्भीर स्थिति में प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

मृतक की पहचान इंद्रजीत कुमार (19) और दया साह (24) के रूप में हुई है। जबकि घायल कृष्णा कुमार बताया गया है। दबे जुबां में लोग जहरीला शराब से मौत की आशंका जता रहे हैं। मृतक के परिजन ने तो कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। बस कहा कि कोल्डड्रिंक पीने के बाद इन दोनों की हालत बिगड़ी थी। जबतक अस्पताल लेकर जाते मौत हो गयी। इसके अलावा मृतकों के परिजन कोई जानकारी देने से कतरा रहे हैं।

जल लेकर लौट रहे थे

अस्पताल में भर्ती युवक कृष्णा ने बताया कि श्रावणी मेला के जुलूस में शामिल होने गया था। जलबोझी कर लौट रहे थे। सरैया के धरफरी में उन तीनों ने कोल्डड्रिंक पिया था। इंद्रजीत ने 45 रुपये में एक कोल्डड्रिंक की बोतल खरीदी। इसे पीने के साथ ही नींद जैसा आने लगा। वहां से किसी तरह घर पहुंचे। फिर उल्टियां होने लगी। इसके बाद उसे परिजन ने हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उसने कहा कि कोल्डड्रिंक में क्या मिला था। उसे पता नहीं है। वहीं उसके चाचा ने बताया कि जब हमलोगों ने उसपर दवाब डालकर पूछा तो बोला कि कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दिया था। उसने इंद्रजीत का नाम बोला है। कहा कि उसी ने कोल्डड्रिंक भी खरीदा था।

बेचैनी से तड़पने लगा

कृष्णा की माँ नीरज देवी ने बताया कि वह किराना दुकान में काम करता था। इधर, कुछ दिनों से काम छोड़ दिया था। पहली सोमवारी पर गांव से काफी संख्या में लोग जलबोझी करने गए थे। वहीं से लौटने के क्रम में कुछ पिला दिया। घर आने के साथ इसकी तबियत खराब हो गयी। 10-12 उल्टियां की। हाल बेहाल था। बेचैनी से तड़प रहा था। पहले ग्रामीण डॉक्टर को दिखाया। उन्होंने प्रारंभिक इलाज किया। फिर शहर ले जाने को कहा। वहां से लेकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। उन्होंने कहा कि पूछने पर कोल्डड्रिंक पीने की बात बोल रहा है। अब उसमे क्या मिला हुआ था। ये नहीं पता। हालांकि परिजन के बयान से स्पष्ट है कि वे लोग कुछ न कुछ छुपा रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस टीम

एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। दो युवकों की इस हादसे में मौत हुई है, और एक इलाजरत है। कोल्डड्रिंक पीने के बाद मौत होने की बात सामने आई है। परिजन ने दाह संस्कार कर दिया है। पुलिस की एक टीम परिजन से पूछताछ करने में जुटी है। जहरीली शराब का सेवन करने से मौत की बात अभी सामने नहीं आयी है। जांच और पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मेडिकल रिपोर्ट पर भी नजर है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *