नयाटोला में 30 साल पहले सौतेली बहन चंदा देवी को जिंदा जलाने के आरोपित मनोज यादव को काजी मोहम्मदपुर पुलिस ने बुधवार को मोतिहारी के मुफस्सिल थाने के लक्ष्मीपुर मोहल्ला से गिरफ्तार किया।
इस संबंध में तत्कालीन काजी मोहम्मदपुर थानेदार मिथिलेश कुमार ने 28 मार्च 1993 को एफआईआर दर्ज की थी।
शव बरामद करने के साथ पुलिस ने मौके से तीन आरोपित रामनरेश राय, अब्दुल रब और मोहन पासवान को गिरफ्तार किया था। इस केस में तीन अन्य नामजद व दो अज्ञात को भी आरोपित बनाया था। इसमें मनोज यादव नामजद आरोपित था। 30 साल से आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लंबित चले आ रहे इस कांड की आईजी पंकज कुमार सिन्हा ने समीक्षा की। इसके बाद फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। काजी मोहम्मदपुर पुलिस ने गिरफ्तार मनोज यादव को कोर्ट में पेश किया, लेकिन केस डायरी अपडेट नहीं रहने से आरोपित को अगले दिन पेशी के लिए वापस कर दिया गया। काजी मोहम्मदपुर थानेदार दिगम्बर कुमार ने बताया कि मामला महिला को जिंदा जलाकर मारने व शव को छिपाने के आरोप में दर्ज हुआ था। आरोपित मनोज यादव मोतिहारी से गिरफ्तार किया गया है।