मुजफ्फरपुर में सनकी चाचा की पिटाई से घायल बच्ची की मौत, लोगों ने आरोपी को पकड़ पुलिस के हवाले किया

मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना के हरपुर बलरा में सनकी चाचा की पिटाई से घायल एक मासूम बच्ची ने आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने आज आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की। गमछा से उसका दोनों हाथ बांधकर उसे भुसकौल (भूसा रखने वाला) से बांध दिया। लोगों ने उसपर अपना गुस्सा भी उतारा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया।

थानेदार अजय पासवान ने बताया कि आरोपी कृष्णनंदन सहनी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अबतक किसी ने थाना में लिखित शिकायत नहीं दी है। ये भी नहीं पता लगा है कि बच्ची का किस हॉस्पिटल में मौत हुआ है और उसकी मां कहां पर एडमिट है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। मृत बच्ची की पहचान चांदनी कुमारी (7) के रूप में हुई है। उसके पिता राजनन्दन सहनी की मौत एक वर्ष पूर्व हो चुकी है। उसकी मां पूनम देवी (38) भी घायल है। पुलिस इनदोनों का पता लगा रही है।

लाठी से मारकर किया था अधमरा

स्थानीय मुखिया संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी की दिमागी हालत कुछ ठीक नहीं लगती है। देर रात उसने अचानक से अपनी भाभी और भतीजी पर हमला कर दिया था। लाठी से भाभी को पीटने लगा। वह चीखने चिल्लाने लगी। यह देखकर बच्ची अपनी मां को बचाने गयी थी। आरोपी ने उसके सिर पर भी लाठी से वार कर दिया। उसका सिर फट गया और खून से लथपथ होकर जमीन पर अचेत होकर गिर पड़ी। हल्ला हंगामा सुनकर आसपास के लोग जुटे। दोनों को हॉस्पिटल भेज दिया गया। आज इलाज के क्रम में बच्ची की मौत हो गयी। मुखिया ने कहा कि वह किस हॉस्पिटल में एडमिट है। इसकी जानकारी नहीं है।

शादी के बाद पत्नी ने छोड़ दिया

मुखिया ने बताया कि आरोपी की शादी हुई थी। लेकिन, उसकी हरकतों के कारण उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया था। वह कुछ काम धंधा भी नहीं करता था। बड़े भाई की मौत के बाद उसकी भाभी ही खेत मे काम कर बच्चों का और परिवार का भरण पोषण कर रही थी। आरोपी अक्सर घर मे विवाद करता रहता था। देर रात भी बेवजह गाली गलौच कर रहा था। जिसका विरोध करने पर पहले अपनी भाभी को पीटा। फिर बच्ची को मारपीट कर घायल कर दिया।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *