Nagaland में तैनात फौजी की पत्नी ने मुजफ्फरपुर के दादर पुल से नदी में लगाई छलांग, खोज में जुटी NDRF की टीम

अहियापुर के दादर पुल से शुक्रवार की सुबह साढ़े नौ बजे सेना के जवान की पत्नी सावित्री देवी (24) ने बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी। यह देखकर किनारे पर खड़े लोगों ने शोर मचाया।

उसे बचाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन पानी अधिक होने के कारण महिला डूब गई। एनडीआरएफ की टीम दो मोटरबोट से नदी में उसकी तलाश कर रही है।

सावित्री का मायका अहियापुर बाजार समिति के पास गणेशपुर मोहल्ला में है जबकि ससुराल साहेबगंज के केसरिया गांव में है। लक्ष्मी चौक पर किराये का आवास है। पति जितेंद्र कुमार नागालैंड में तैनात है। उसके जीजा राम अवधेश दास ने बताया कि गुरुवार को सावित्री मायके में भाई को राखी बांधने आयी थी। इसके बाद पति जीतेंद्र ने मोबाइल पर कॉल कर तुरंत आवास पर लौटने के लिए कहा। इसके लिए सावित्री से नोकझोंक भी हुई। दोपहर में चचेरे भाई लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने बहन को बाइक से लक्ष्मी चौक स्थित आवास पर पहुंचा दिया था। रात में सावित्री का पति से मोबाइल पर झगड़ा हुआ। इसके बाद शुक्रवार सुबह नौ बजे वह आवास से निकल गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक ऑटो दादर पुल पर रुका जिससे महिला उतरी। कुछ देर पुल पर रुककर नदी की ओर देखा। फिर रेलिंग पर चढ़कर नदी में कूद गई। सावित्री को कोई संतान नहीं था। डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। अहियापुर थानेदार विजय कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तलाश कराई जा रही है। एनडीआरएफ की टीम अब शनिवार को तलाशने की बात कहकर लौट गई।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *