मुजफ्फरपुर के दादर पुल से कूदी फौजी की पत्नी का शव मिला, संतान न होने पर प्रताड़ित करने का लगा आरोप

दादर पुल से बूढ़ी गंडक नदी में कूदी सेना के जवान की पत्नी का शव शनिवार को मिला। अहियापुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

मृतका सावित्री देवी के भाई अहियापुर के गणेशपुर मोहल्ला निवासी नरेंद्र कुमार ने थाने में बयान दर्ज कराया है। उसने बहनोई जितेंद्र दास, बहनोई के बड़े भाई सतेंद्र दास व भाभी माया देवी को आरोपित किया है।

नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि सावित्री की शादी 2018 में पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना के दिलावरपुर गांव निवासी जितेंद्र दास से हुई थी। वह ब्रह्मपुरा थाना के लक्ष्मी चौक के पास ब्रजबिहारी गली में डेरा लेकर रहती थी। तीन साल बाद भी बहन को कोई संतान नहीं हुई थी। इस कारण बहनोई व उसके भाई-भाभी मिलकर सावित्री को बराबर प्रताड़ित करते थे। उसके साथ मारपीट करते थे। गुरुवार की रात बहनोई ने मोबाइल पर सावित्री से गाली-गलौज की थी। रात करीब दस बजे उससे बात होने पर इसकी जानकारी दी थी। शुक्रवार की सुबह जानकारी मिली कि उसने दादर पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इधर, एसकेएमसीएच पुलिस चौकी के इंचार्ज आदित्य कुमार ने बताया कि एनडीआरएफ को दादर पुल के पास से महिला का शव मिला है। उसके भाई ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। छानबीन चल रही है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *