मुजफ्फरपुर नगर निगम चुनाव के लिए आज से शुरू होगा नामांकन, प्रशासनिक तैयारियां हुई पूरी

मुजफ्फरपुर नगर निकाय के दूसरे चरण के लिए शुक्रवार यानी आज से नामांकन शुरू होने जा रहा है। इसमें नगर निगम के महापौर, उप महापौर एवं 49 वार्ड के पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

 

इसके अलावा माधोपुर सुस्ता और मुरौल नगर पंचायत के लिए भी नामांकन होगा। वहीं पहले चरण के चुनाव के लिए गुरुवार को 36 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इस तरह अब तक 61 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया है। सकरा नगर पंचायत में अब तक किसी पद के लिए नामांकन नहीं हुआ है।

 

नगर निगम चुनाव के लिए अपर समाहर्ता निर्वाची पदाधिकारी

 

नगर निगम में तीनों पदों के लिए अपर समाहर्ता संजीव कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। उनके कक्ष में नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। इसके लिए आज तैयारियां पूरी कर ली गईं।यहां हेल्प डेस्क बना दिया गया है। नामांकन से पहले प्रत्याशी यहां किसी तरह की मदद ले सकेंगे। इसके अलावा माधोपुर सुस्ता नगर पंचायत के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी कक्ष में नामांकन होगा। मुराैल नगर पंचायत के लिए डीआरडीए निदेशक चंदन चौहान निर्वाची पदाधिकारी हैं। यहां के लिए डीआरडीए भवन स्थिति निदेशक के कक्ष में नामांकन होगा।

 

साहेबगंज में उप मुख्य पार्षद पद समेत आठ का नामांकन

 

साहेबगंज नगर परिषद में मुख्य पार्षद पद के लिए शबनम खातून ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, पार्षद के लिए वार्ड दो से जितेन्द्र कुमार, तीन से खातून निशा एवं मोहन साह, पांच से मो.नसरुद्दीन, छह से मो. चांद, आठ से मालती देवी एवं 10 से आसमा खातून ने नामांकन दाखिल किया। प्रखंड नजारत में 197 लोगों ने नाजिर रसीद कटवाई।

 

तुर्की कुढ़नी नगर पंचायत में चार नामांकन

 

तुर्की कुढ़नी नगर पंचायत में मुख्य पार्षद के लिए रीता देवी ने नामांकन किया। वार्ड पार्षद पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। वार्ड संख्या चार से आशा देवी, पांच से कामनी देवी व 10 से उर्मिला देवी ने नामांकन किया। तुर्की कुढ़नी एवं माधोपुर सुस्ता में 108 नाजिर रसीद कटी है।

 

बरूराज से नौ नामांकन

 

बरूराज नगर पंचायत में उप मुख्य पार्षद के लिए मो. इफ्तेखार अनवर ने नामांकन दाखिल किया।वहीं पार्षद पद के लिए वार्ड दो से मोहन दास एवं सूरज कुमार दास, तीन से कंचन कुमारी, 11 से मो. वसीम अख्तर, 15 से संगीता देवी, 17 से रामकृत राय एवं धन्वंती देवी ने नामांकन दाखिल किया।

 

सरैया नगर पंचायत से सर्वाधिक 11 नामांकन

 

सरैया नगर पंचायत में मुख्य पार्षद पद के लिए कुमारी अर्चना ने नामांकन दाखिल किया। उप मुख्य पार्षद पद के लिए सुनील कुमार, रंजीत कुमार एवं खगेश कुमार का नामांकन हुआ। पार्षद पद के लिए वार्ड एक से पूनम देवी, तीन से सोनम कुमारी, चार से श्याम कुमार पासवान, नौ से विनोद राय, 10 से बच्ची देवी, 11 से बलिराम पासवान एवं शंभू कुमार राम ने नामांकन किया।

 

मीनापुर नगर पंचायत से चार प्रत्याशियों का नामांकन

 

मीनापुर नगर पंचायत में पार्षद पद के लिए चार नामांकन हुए। वार्ड एक से सरिता देवी, 14 से नूरजहां बेगम और 18 से मो. इरफान और मो. मकसूद ने नामांकन दाखिल किया। वहीं यहां 19 लोगों ने नाजिर रसीद कटवाई। इसमें एक मुख्य पार्षद, दो उपमुख्य पार्षद और 16 पार्षद पद के लिए है।

 

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *