बिहार में ठंड की दस्तक: धीरे-धीरे गिर रहा पारा, छठ के दौरान कई जिलों में हल्का कोहरा छाने की आशंका

बिहार में मौसम बदल रहा है। मानसून की वापसी पूरी तरीके से हो चुकी है। पटना सहित पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जाने लगी है। आज से लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार छठ पर्व के दौरान बिहार के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में हल्के कोहरे के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वही 30 और 31 अक्टूबर के बीच पूरे बिहार में मौसम शुष्क और आकाश साफ रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि रात और सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है।

छठ में कैसा रहेगा तापमान, और कब होगा सूर्योदय और सूर्यास्त

बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और 31 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं छठ पूजा के दिन बिहार में 30 अक्टूबर को सूर्यास्त का समय 04:58 बजे से 05:17 बजे तक शाम के बीच होगा। वहीं 31 अक्तूबर को सुबह सूर्योदय का समय सुबह 05:46 से 06:02 के बीच होगा।

राज्य के कई जिलों में तापमान में अचानक गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले महीने में धीरे-धीरे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आगामी नवंबर और दिसंबर में ठंड धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ेगी। शुक्रवार के दिन सुपौल जिला सबसे अधिक ठंडा रहा, जहां का तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी पटना में 27 अक्टूबर के दिन न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा।

बदलते मौसम के कारण बढ़ रही है मरीजों की संख्या

प्रदेश में प्रतिदिन मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसके कारण इसका असर लोगों के सेहत पर भी पड़ रहा है। लोग सर्दी-खांसी और बुखार से ग्रसित होने लगे हैं। इस बदलते मौसम के कारण खासकर अस्थमा के मरीजों की काफी संख्या अस्पतालों में देखने को मिल रही है। उनकी तकलीफ ठंड के समय बढ़ जाती है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *