गोपालगंज में SDM व DSP की गाड़ियों पर पथराव, कई जख्मी; 24 लोगों को हिरासत में लिया

बिहार पंचायत चुनाव के 6वें चरण के लिए 37 जिलों के 57 प्रखंडों में मतदान जारी है। गोपालगंज के उचकागांव प्रखंड के इटवा धाम गांव में पुलिस पर रोड़ेबाजी हुई है। एसडीएम और डीएसपी की गाड़ियों के काफिल पर पथराव हुआ है। जिससे गाड़ियों के शीशे टूटे हैं। पथराव में कई जख्मी हुए हैं। करीब 24 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इधर, वैशाली के राजापाकर प्रखंड के फरीदपुर में बूथ संख्या 147 पर जमकर हंगामा हुआ है। उपद्रवियों ने ईवीएम तोड़ दी है। लोग प्रशासन पर गड़बड़ी करने का आरोप लगा रहे हैं।




वहीं, मुजफ्फरपुर के विशनपुर कल्याण मतदान केंद्र पर दो गुटों में झड़प हो गई है। दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया है। सूचना मिलने पर मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंच गई है। नवादा, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में दिवाली की वजह से मतदाताओं की संख्या कम दिख रही है। मुजफ्फरपुर, भोजपुर, कैमूर, जमुई, रोहतास, नवादा, पूर्णिया, अररिया, खगड़िया समेत कई जिलों में बने बूथों पर सुबह 6 बजे ही मतदाताओं की भीड़ लगने लगी थी।


850 पंचायतों में हो रहे इस चुनाव में 11 हजार 959 बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की कुल संख्या 67 लाख 577 है। पुरूष मतदाता 35 लाख 24 हजार 285 है तो महिला मतदाता 31 लाख 76 हजार 80 है। बूथ पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम हैं। छठे चरण में पदों की कुल संख्या 26 हजार 200 है, जिसमें ग्राम पंचायत के सदस्य के 11,592 पद हैं। मुखिया के 848 पद हैं, पंचायत समिति सदस्य के 1186, जिला परिषद् सदस्य के 134, ग्राम कचहरी पंच के 11592 और सरपंच के 848 पद हैं।


इस चरण में चुनाव लड़ने वाले कुल उम्मीदवारों की संख्या 94188 है। पुरूष उम्मीदवारों की संख्या 43 हजार 840 है तो महिला उम्मीदवारों की संख्या 50348 है। पदवार उम्मीदवारों की संख्या की बात करें तो ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 53 हजार 192 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा मुखिया पद पर 6976 उम्मीदवार मैदान में हैं।


पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 7844 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिला परिषद् सदस्य पद पर 1378 उम्मीदवार, ग्राम कचहरी पंच पद पर 19 हजार 633 उम्मीदवार मैदान में है। ग्राम कचहरी सरपंच के पद पर 5 हजार 165 उम्मीदवार मैदान में हैं।


3540 पदों पर निर्विरोध हुआ निर्वाचन, 144 ग्राम कचहरी पंच पद रह गए खाली
छठें चरण की सीटों पर 3540 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 135 उम्मीदवार, ग्राम कचहरी पंच पद पर 3403, ग्राम कचहरी सरपंच पद पर 1, पंचायत समिति सदस्य पद पर 1 का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। छठे चरण की सीटों पर 144 ग्राम कचहरी पंच पद पर कोई भी नामांकन नही होने की वजह से ये पद खाली रह गए हैं।

यहां रिजल्ट के लिए 10 दिन का इंतजार करना होगा। राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ जारी कार्यक्रम के मुताबिक, छठे चरण की मतगणना 13 और 14 नवंबर को होगी।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *