Muzaffarpur की सड़को पर जमा हुआ सैकड़ों टन कूड़ा, साफ सफाई में हांफ रहा नगर निगम

मुजफ्फरपुर : दीपावली पर शहर की सफाई को लेकर नगर निगम की एड़ी-चोटी लगाने के बाद भी शहर साफ नहीं हो सका। कारण गुरुवार को लोगों ने घर एवं दुकान की सफाई कर शाम में शहर की सड़कों पर कचरा फेंक दिया। इस प्रकार निगम की सारी मेहनत पर पानी फिर गया।




शुक्रवार की सुबह न शहर की सड़कों पर झाड़ू लगा और न ही कचरे का उठाव हो सका। बड़े वाहनों की मदद से मुख्य सड़कों से कचरे का उठाव किया जाता रहा। इसके बावजूद इस शहर की शहर की सड़कों तथा गली-मोहल्लों में सैकड़ों टन कचरा जमा है। डंपिंग स्थलों पर तो कचरे का पूरा अंबार लगा हुआ है।


शहर के कुछ ऐसे इलाके हैं जहां सड़क पर चौतरफा कचरा फैला हुआ है। सरैयागंज टावर से छाता बाजार चौक तक सबसे ज्यादा कचरा फैला हुआ है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश दिखा।


सिटी मैनेजर ओम प्रकाश ने कहा कि दीपावली के दिन शहर को पूरी तरह से साफ-सुथरा कर दिया गया था, लेकिन शाम में लोगों ने बड़े पैमाने पर कचरा सड़कों पर फेंक दिया। इसके कारण शाम में शहर फिर से गंदा दिखने लगा। पूरे दिन बड़े वाहनों की मदद से डंपिंग स्थलों पर जमा कचरे का निष्पादन किया गया। इसके बावजूद जमा कचरे का पूरी तरह से निष्पादन नहीं हुआ। सिटी मैनेजर ने कहा कि एक से दो दिन में फिर से शहर को साफ-सुथरा कर लिया जाएगा। अब सारा ध्यान छठ पूजा को देखते हुए नदी घाटों पोखर-तालाबों एवं उसके आसपास के इलाकों की साफ-सफाई पर दिया जाएगा।

INPUT: JNN

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *