मुजफ्फरपुर शहर के लिए एक बड़ी खबर आ रही है। राकेश कुमार पिंटू शहर के नए मेयर होंगे। उन्होंने कड़े मुकाबले में नंद कुमार साह को 2 वोट के अंतर से हरा दिया। इस तरह से नगर निगम की राजनीति के लिए कुछ दिन के लिए पटाक्षेप हो गया है।
इसे विगत तीन माह से जारी राजनीतिक उठापटक के अंत के रूप में देखा जा रहा है। वे अब सुरेश कुमार का स्थान लेंगे। जो अविश्वास प्रस्ताव में अपनी कुर्सी बचा पाने में विफल रहे थे। हालांकि इससे पहले इसकी प्रक्रिया को लेकर ही सवाल उठ गए थे। इससे पहले समाहरणालय के सभागार में सुबह 11:30 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। निर्वाची पदाधिकारी व डीएम प्रणव कुमार ने निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होने के एक घंटे के भीतर सभी पार्षदों को उपस्थित होने को कहा था। इसके बाद मतदान प्रक्रिया आरंभ की गई थी। जिसका परिणाम नंद कुमार साह के खिलाफ गया।
राकेश कुमार पिंटू और नंद कुमार साह में टक्कर
सुरेश कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होने के बाद मेयर पद का चुनाव कराना पड़ा था। राकेश कुमार पांच माह के कार्यकाल के लिए ही मेयर चुने गए हैं। आज होने वाले चुनाव में पार्षद राकेश कुमार पिंटू और नंद कुमार साह में सीधी टक्कर थी। हालांकि शहर की राजनीति करने वालों का कहना है कि पर्दे के पीछे से विधायक,पूर्व विधायक, पूर्व मेयर व उपमेयर ने एड़ी चोटी का जोर लगाया हुआ था।
INPUT:JNN