मुजफ्फरपुर में पंचायत चुनाव में खूनी खेल का सिलसिला जारी है। सोमवार देर रात भी औराई थाना क्षेत्र के राजखंड में जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी पूजा कुमारी के भैंसुर (जेठ) रविन्द्र मंडल पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें वे गम्भीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की। जब वे अचेत होकर गिर गए तो आरोपी भाग निकले। इसी दौरान उनके एक परिचित लौट रहे थे। उन्होंने उठाकर रविन्द्र मंडल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद औराई थानेदार राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। वहां से पीड़ित की स्कॉर्पियो को थाना ले गए। घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली। बताया कि आवेदन नहीं मिला है। जो भी शिकायत करेंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने बताया कि देर रात वे क्षेत्र में वोटरों के बीच पर्चा बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते मे छह बाइक सवार लोगों ने रोक लिया। उन्हें स्कॉर्पियो से उतारकर मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। जिसमें वे खून से लहूलुहान होकर गिर पड़े। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों को वे पहचानते हैं।
इसमें एक डीलर का बेटा समेत अन्य लोग थे। ये सभी चुनावी रंजिश का नतीजा है। पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। पुलिस इसकी निगरानी कर रही है। बता दें कि कल औराई में चुनाव होना है। लेकिन, इस घटना में इलाके में तनाव कायम कर दिया है। पुलिस की भी चिंता बढ़ा दी है कि कहीं चुनाव के दिन कोई अप्रिय घटना नहीं हो। इसे लेकर वरीय अधिकारी भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
INPUT:Bhaskar