पटना। मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद हुए संक्रमण से अपनी एक आंख गंवा चुके मुजफ्फरपुर के पीड़ितों की हालत में आंशिक सुधार हो रहा है। बुधवार को आईजीआईएमएस में एक संक्रमित के आंख का ऑपरेशन भी किया जाएगा।
आईजीआईएमएस के नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि एक मरीज के आंख के बचने की आंशिक संभावना है। इस कारण बुधवार की सुबह उसका ऑपरेशन किया जाएगा। उसके बाद संभवत: उसकी आंख की रोशनी वापस आ सकती है।
शेष भर्ती 18 लोगों में से चार को छोड़ अन्य की हालत में पर्याप्त सुधार है। सभी की आंखों में संक्रमण के स्तर और दर्द में लगातार कमी आ रही है। चार लोग जिनमें गंभीर संक्रमण था, उनकी आंखों में सोमवार को हाई एंटीबायोटिक का इंजेक्शन दिया गया था। उसके बाद उनके दर्द में भी कुछ कमी आई है। संक्रमण आंखों से होकर दिमाग में न फैले इसके लिए डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी मॉनिटरिंग कर रही है। शरीर में इन्फेक्शन का पता लगाने के लिए नियमित रूप से उनकी खून व अन्य जरूरी जांच की जा रही है।
INPUT: Hindustan