Muzaffarpur में 4 दिनों से गायब युवक का मिला शव, आक्रोशितों ने सड़क जाम कर काटा बवाल

मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के डुमरी दुबे टोला से चार दिनों से गायब युवक दिलीप पासवान (26) की हत्या कर दी गयी। उसका शव शनिवार को घर से 500 मीटर की दूरी पर पोखर में फेंका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। नाक और मुंह से खून निकल रहा था।




गर्दन पर भी दबाने का निशान था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद घर मे मातम पसर गया। पत्नी नीलम, मृतक की मां मालती देवी और पिता जगर्ननाथ पासवान का रो-रोकर हाल बेहाल था। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया गया।


सड़क जाम कर किया बवाल
घटना से उग्र होकर लोगों ने डुमरी मेन रोड पर शव रखकर जाम कर दिया। टायर जलाकर आगजनी करते हुए पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। सदर पुलिस मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास कर रही है। हालांकि लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। मृतक के परिजन ने पड़ोसी पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि पांच साल पूर्व पड़ोस का एक युवक मृतक की बहन से छेड़खानी किया था। मामले को लेकर जमकर विवाद हुआ था। इसके बाद थाना में FIR दर्ज कराया गया था। इसी के बाद से दोनों परिवार के बीच विवाद चक रहा था। आरोपी अक्सर दिलीप के हत्या करने की धमकी देता था।


चार साल ननिहाल में डर से रहा
मृतक दिलीप के परिजन राजकुमार ने बताया कि छेड़खानी की घटना के बाद जब दिलीप को धमकी दिया जाने लगा तो उसके पिता ने डर के कारण उसे ननिहाल भेज दिया था। करीब चार साल तक वह ननिहाल में ही रहा। एक साल पूर्व उसकी शादी हुई थी। उसे एक बेटी भी है। फिलहाल वह कुछ दिनों से घर पर रहता था। गांव में ही मेहनत मजदूरी करता था।


28 को फोन आने पर निकला था घर से
28 दिसंबर की रात उसे एक नम्बर से कॉल आया था। वह खाना खाकर घर से बिना किसी को बताये निकल गया था। जब दूसरे दिन भी लौटकर नहीं आया तो गुरुवार को FIR दर्ज कराई गई थी। पुलिस छानबीन में जुटी थी। इसी दौरान शनिवार को उसका शव मिला।


पुलिस पर शिथिलता बरतने का आरोप
इधर, परिजन ने सदर थाना की पुलिस पर मामले की छानबीन में शिथिलता बरतने का आरोप लगाया है। कहा कि अगर पुलिस उस नम्बर का पता कर त्वरित जांच करती तो आज दिलीप जिंदा होता। बताया जा रहा है कि जिस नम्बर से उसे कॉल आया था। उस दिन से लगातार स्विच ऑफ है। वहीं, टाउन DSP रामनरेश पासवान ने बताया कि परिजन का जो बयान है। उस आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

INPUT: bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *