मुजफ्फरपुर। कोरोना की तीसरी लहर का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले तीन दिनों में एक दर्जन कलेक्ट्रेट कर्मी पॉजिटिव हो चुके हैं। इससे कलेक्ट्रेट की कई प्रशाखाओं में कर्मियों की उपस्थिति बेहद कम हो गई है।
नगर निगम के बाद अब कलेक्ट्रेट के कई कर्मचारियों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा है। पॉजिटिव होने वाले कर्मी होम आइसोलेशन में चले गए हैं, लेकिन कार्यालय आने वाले कर्मचारी संशय में हैं। हालांकि, गृह विभाग के निर्देश के आलोक में आगंतुकों के लिए कार्यालय बंद कर दिया गया है। इसके बावजूद प्रशासनिक कामकाज के तहत कर्मियों को काफी परेशानी हो रही है।
एहतियात बरतते हुए कर्मियों ने बाहर के आगंतुकों को गृह विभाग के आदेश का हवाला देते हुए प्रवेश से रोक लगा दी है, लेकिन कई जगह रोक की व्यवस्था न होने के कारण आगंतुक अब भी पहुंच जा रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोरोना के बढ़े केस के कारण कामकाज तो प्रभावित हुआ है, लेकिन पूरी सतर्कता की भी व्यवस्था की गई है। कलेक्ट्रेट परिसर को लगातार सैनेटाइज किया जा रहा है और कार्यालयों में सैनेटाइजर आदि की व्यवस्था की जा रही है।
INPUT: Hindustan