Muzaffarpur : CSP संचालक खतरे से बाहर, 3 दिन बाद भी अब तक पुलिस को सुराग की तलाश

मोतीपुर थाना क्षेत्र के हरौना गांव में बीते मंगलवार को सीएसपी संचालक को गोली मारकर एक लाख रुपये लूटने के मामले में अज्ञात पर एफआईआर दर्ज हुई। दूसरी ओर घटना के तीसरे दिन भी पुलिस को अपराधियों का सुराग नहीं मिल सका है।

पुलिस ने गांव में घूम कर महिलाओं को गहना साफ करने का झांसा देकर लूटने वाले गिरोह को तलाश रही है। घटना से पहले उसके कुछ शातिर गांव में दिखे थे।

उक्त घटना में थानाध्यक्ष ने जख्मी रोहित कुमार के फर्द ब्यान पर चार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर में एक लाख रुपये लूटने की बात कही गई है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस मामले के अनुसन्धान में जुट गई है। हालांकि 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। दूसरी तरफ अपराधी की गोली से जख्मी सीएसपी संचालक रोहित कुमार का सफल ऑपरेशन कर गोली निकाल दिया गया है। अब वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्र बताते हैं कि घटना के थोड़ी देर पहले बाइक सवार कुछ युवक गहना साफ करने के लिए सीएसपी केंद्र के आसपास चक्कर काट रहे थे। उसके जाने के बाद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब उन लोगों की शिनाख्त में जुट गई कि आखिर वे लोग कौन थे? हालांकि मामले में अब तक पुलिस की ओर से कुछ भी आधिकारिक रूप से नहीं कहा जा रहा है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है।

विदित हो कि बाइक सवार तीन अपराधियों ने थाना क्षेत्र के कल्याणपुर हरौना स्थित सीएसपी संचालक रोहित कुमार को गोली मारकर एक लाख रुपये लूट कर फरार हो गए थे। एक राहगीर की बाइक भी लूट ली थी।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *