Muzaffarpur शहर के आरडीएस कॉलेज के समीप मंगलवार को ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे होमगार्ड जवान राजकिशोर सिंह को एक ऑटो ने धक्का मार दिया। इससे वह पानी भरे नाले में जा गिरे और जख्मी हो गए।
हादसे के बाद मौके से भाग रहे चालक को ऑटो सहित लोगों ने दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई व जाम भी लग गया। पिटाई के बावजूद चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
इधर, स्थानीय लोगों ने जख्मी जवान को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जवान ने बताया कि वे मूलरूप से पारू थाना के मोहजम्मा के रहने वाले हैं। 18 जनवरी से उनकी ड्यूटी यहां पर लगी है। मंगलवार को वह ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान एक ऑटो चालक ने ओवरटेक के दौरान उन्हें धक्का मार दिया। इसमें वह अनियंत्रित होकर पानी भरे नाला में गिर गये। इसमें उन्हें काफी चोट लगी है। घटना को लेकर देर शाम तक काजी मोहम्मदपुर थाने में शिकायत दर्ज नहीं करायी गई थी। थानेदार सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
