बिहार में ‘वैलेंटाइन वीक’ में नाबालिग प्रेमिका से मिलने गया था लड़का, घरवालों ने प्रेमी को पीटा और थाने भिजवाया, लड़की ने घर में किया सुसाइड

‘वैलेंटाइन वीक’ के दौरान बेतिया से दर्दनाक मामला सामने आया है। नाबालिग प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी की उसके परिजनों ने पहले तो पिटाई कर दी। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद प्रेमिका ने दुखी होकर कमरे में फांसी लगा लिया। ऐसा उसके घरवाले बता रहे हैं। पूरा मामला बुधवार का है। हालांकि प्रेमिका के कथित सुसाइड की घटना देर रात की है।




घटना नरकटियागंज के शिकारपुर थाना इलाके की है। स्थानीय लोगों के अनुसार घर में घुसे आशिक को पहले लड़की के परिजनों ने मारपीट कर घर में ही बंद कर दिया। लड़की की भी पिटाई की गई। सूचना पर देर शाम पहुंची पुलिस ने आशिक को मुक्त कराया और थाने ले आई।


अब लड़के पर आत्महत्या के लिए उकसाने का भी केस दर्ज
मामले में पिता ने घर में घुसकर लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। लड़के को पुलिस ने पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया। पुलिस ने लड़की को भी थाना लाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने सुबह लाने की बात कहते हुए थाना भेजने से इंकार कर दिया।


इसी बीच सुबह पुलिस को खबर मिली कि लड़की ने आत्महत्या कर ली है। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि रात में वो एक कमरे में थी। बाद में जब हमलोगों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा तोड़ने पर लड़की का शव पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद इस मामले में भी अलग से लड़के पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। वहीं गिरफ्तार लड़के शाहिद हुसैन को जेल भेज दिया गया है।


बता दें कि आरोपी लड़का भी उसी गांव का है, जिस गांव की लड़की है। लिहाजा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि लड़की ने आत्महत्या की या उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया है।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *